शार्दूल विहान बने यूपी पुलिस में दरोगा, सीएम योगी ने दिया नियुक्ति पत्र; भारतीय सेना में भी मिला था पद
अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज और एशियाई खेलों के रजत पदक विजेता शार्दूल विहान को उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक के पद पर नियुक्त किया गया है।

इसी वर्ष जून में लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शार्दुल विहान को किया था सम्मानित। सौ. दीपक विहान
HighLights
शार्दूल विहान को यूपी पुलिस में उपनिरीक्षक पद मिला।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में नियुक्ति पत्र सौंपा।
एशियाई खेलों में रजत पदक विजेता हैं शार्दूल विहान।
जागरण संवाददाता, मेरठ। अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी में देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले शार्दूल विहान अब वर्दी में भी अपनी सेवाएं देंगे। एशियाई खेलों में रजत पदक जीतकर सुर्खियों में आए शार्दूल विहान को उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक (सब इंस्पेक्टर) के पद पर नियुक्ति मिली है। गुरुवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 15 खिलाड़ियों को मंच पर नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें मेरठ के शार्दूल विहान भी शामिल रहे।
शार्दूल के पिता दीपक विहान ने बताया कि नियुक्ति के बाद शार्दूल की तैनाती मुरादाबाद में होगी। खेल के साथ अब पुलिस सेवा की नई जिम्मेदारी मिलने से परिवार में खुशी का माहौल है।
दीपक विहान ने कहा कि शार्दूल ने निशानेबाजी में जिस तरह मेहनत और अनुशासन के साथ देश का प्रतिनिधित्व किया है, उसी भावना के साथ वह पुलिस सेवा में भी अपना दायित्व निभाएगा। पिछले वर्ष उनकी नियुक्ति भारतीय सेना में नान-कमीशंड आफिसर पद पर हुई थी। इस वर्ष प्रदेश सरकार की ओर से खेल कोटे के तहत उन्हें उत्तर प्रदेश पुलिस में नियुक्ति प्रदान की गई है।
15 साल की उम्र में एशियाई खेलों में जीता था रजत
11 जनवरी 2003 को जन्मे शार्दूल विहान ने कम उम्र में ही निशानेबाजी में अपनी पहचान बना ली थी। 2018 जकार्ता एशियाई खेलों में महज 15 वर्ष की उम्र में पुरुष डबल ट्रैप में रजत पदक जीतकर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था।
उस समय वह एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले भारत के सबसे कम उम्र के निशानेबाजों में शामिल रहे। शार्दूल ने दयावती मोदी अकादमी से शिक्षा प्राप्त की। स्कूल स्तर से ही निशानेबाजी में उनकी प्रतिभा को पहचान मिली और आगे चलकर उन्होंने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कई उपलब्धियां हासिल कीं।
एक दिन में जीते थे चार स्वर्ण
शार्दूल के करियर की खास उपलब्धियों में 61वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप का प्रदर्शन भी शामिल है। उन्होंने एक ही दिन सीनियर और जूनियर वर्ग के डबल ट्रैप के व्यक्तिगत और टीम मुकाबलों में चार स्वर्ण पदक अपने नाम किए थे। इसके अलावा 2017 मास्को वर्ल्ड शाटगन चैंपियनशिप में जूनियर डबल ट्रैप टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था।
खेल उपलब्धियों के आधार पर शार्दूल को उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक के पद पर नियुक्ति मिली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र देते हुए उनके खेल योगदान को सम्मान दिया। शार्दुल वर्तमान में शोभित यूनिवर्सिटी से एमबीए अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहे हैं।
