विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खूंटी में ताश खेलने के दौरान विवाद में युवक की फरसे से काटकर हत्या, ग्रामीणों ने आरोपी को दबोच पुलिस को सौंपा

Published: Fri, 09 Oct 2026 09:12 AM (IST)

अड़की थाना क्षेत्र के हेमरोम में ताश खेलने के दौरान हुए विवाद में एक मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति ने ...और पढ़ें

युवक की फरसे से काटकर हत्या

युवक की फरसे से काटकर हत्या

HighLights

  1. ताश खेलने के दौरान मामूली विवाद ने लिया खूनी रूप।

  2. मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति ने फरसे से की हत्या।

  3. ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा, जांच जारी।

जागरण संवाददाता, अड़की। अड़की थाना क्षेत्र अंतर्गत हेमरोम के बांदापीढ़ी गांव में बुधवार रात करीब 9 बजे ताश खेलने के दौरान हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। एक मानसिक रूप से विक्षप्त व्यक्ति ने धारदार फरसे से हमला कर 27 वर्षीय युवक की नृशंस हत्या कर दी। 

मृतक की पहचान हूंठ गांव निवासी चमरा मुंडा के पुत्र महेंद्र शोले (27 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों और परिजनों ने साहस दिखाते हुए आरोपी सबरण मुंडा को मौके पर ही धर दबोचा और पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं वारदात में इस्तेमाल किया गया खून से सना फरसा भी शव के पास पड़ा मिला। 

ताश खेल रहे लोगों से कहासुनी हो गई

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को हेमरोम में साप्ताहिक बाजार लगा था। हूंठ गांव निवासी महेंद्र शोले बाजार गया हुआ था और बाजार खत्म होने के बाद अपने दोस्तों के साथ आरोपी सबरण मुंडा के घर के पास बैठकर ताश खेल रहा था। इसी दौरान मानसिक रूप से हल्के विक्षिप्त आरोपी सबरण मुंडा की ताश खेल रहे लोगों से कहासुनी हो गई। 

गाली-गलौज से आक्रोशित होकर सबरण अपने घर के भीतर गया और धारदार फरसा निकालकर ले आया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने महेंद्र के गर्दन पर फरसे से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। अत्यधिक खून बह जाने के कारण महेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।

कोई पुरानी दुश्मनी या रंजिश नहीं

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। मृतक के पिता चमरा मुंडा ने बताया कि उन्हें फोन के जरिए बेटे की हत्या की खबर मिली थी। वहीं, मृतक के चचेरे भाई राहुल शोले ने बताया कि महेंद्र की किसी से भी कोई पुरानी दुश्मनी या रंजिश नहीं थी।

सूचना मिलने पर अड़की थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस थाना प्रभारी परवीन तिवारी का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की गहराई से जांच चल रही है कि हत्या की वजह सिर्फ ताश के खेल के दौरान हुई गाली-गलौज थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह भी है।

यह भी पढ़ें- खूंटी में अफीम और डोडा तस्करी करते दो गिरफ्तार, भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त