विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बरात आने से पहले दुल्हन की एआई जनरेटेड अश्लील फोटो भेजी, दूल्हे ने किया शादी से इनकार, मंडप में धरी रह गईं तैयारियां

Published: Tue, 03 Nov 2026 01:10 PM (IST)

मंडी धनौरा में एक शादी एआई-जनरेटेड आपत्तिजनक तस्वीरों और जान से मारने की धमकी के कारण टूट गई। आरोपी अरशद ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. बरात आने से पहले दी जान से मारने की धमकी, आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

संवाद सहयोगी, मंडी धनौरा (अमरोहा)। शादी तुड़वाने के लिए एक युवक ने कथित तौर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) तकनीक का दुरुपयोग कर युवती के आपत्तिजनक फोटो तैयार कर लिए। इन्हें होने वाले दूल्हे के मोबाइल पर भेजने के साथ ही उसे जान से मारने की धमकी भी दी। इस हरकत से दूल्हा पक्ष ने बरात लाने से इन्कार कर दिया।

विवाह स्थल पर शादी की सारी तैयारियां धरी रह गईं। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित अरशद मलिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती की शादी शनिवार की रात एक वैवाहिक मंडप में होनी थी। बरात बिजनौर जनपद के चांदपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से आनी थी।

आरोप है कि बरात आने से ठीक पहले गांव के ही अरशद मलिक ने होने वाले दूल्हे को फोन कर धमकी दी कि यदि उसने युवती से शादी की तो उसे जान से मार देगा।

इसके बाद आरोपित ने एआइ तकनीक से युवती के आपत्तिजनक फोटो तैयार कर दूल्हे के मोबाइल पर भेज दिए। आरोपित की इस हरकत से दूल्हा पक्ष सकते में आ गया और बरात लाने से इन्कार कर दिया। देखते ही देखते परिवार की खुशियां मातम जैसी खामोशी में बदल गईं।

विवाह समारोह के लिए की गई तैयारियां बेकार हो गईं। पीड़ित पिता ने पुलिस को दी तहरीर में आरोपी पर बेटी की शादी तुड़वाने, परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने व आर्थिक व मानसिक नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है।

पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस साइबर सेल की मदद से फोटो तैयार करने व उन्हें प्रसारित करने में इस्तेमाल किए गए डिजिटल माध्यमों की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- हरिद्वार गंगा एक्सप्रेस-वे : अमरोहा के 950 किसानों की चमकेगी किस्मत, जमीन के मिलेंगे सर्किल रेट से 4 गुणा दाम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।