यूपी के एक्सप्रेसवे पर नई स्पीड लिमिट लागू: कोहरे से बचाव के लिए बदली गाड़ियों की रफ्तार, 15 फरवरी तक सख्ती
यूपीडा ने सर्दियों में कोहरे से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए उत्तर प्रदेश के एक्सप्रेसवे पर गति सीमा ...और पढ़ें

गंगा एक्सप्रेस वे पर दौड़ते वाहन। जागरण
HighLights
गंगा एक्सप्रेसवे पर अमरोहा पुलिस ने शुरू कराया पालन
आसिफ अली, अमरोहा। सर्दी के मौसम में कोहरे के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने प्रदेश के सभी एक्सप्रेसवे पर वाहनों की गति सीमा नियंत्रित कर दी है। इसके तहत गंगा एक्सप्रेसवे, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर नई गति सीमा लागू की गई है। 15 नवंबर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक दिन के समय वाहन चालक निर्धारित गति सीमा के भीतर ही वाहन दौड़ा सकेंगे।
यूपीडा के अधिशासी अभियंता राकेश कुमार मोगा ने बताया कि निर्देशों के मुताबिक कार और हल्के वाहनों की अधिकतम गति 80 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है।
वहीं यात्री बसों के लिए 60 किलोमीटर और ट्रक व ट्रेलर के लिए 50 किलोमीटर प्रति घंटा की गति सीमा तय की गई है। जबकि पहले कार 100, बस 80 तथा ट्रक व ट्रेलर के लिए 70 किमी प्रतिघंटा की गति से चलने का मानक तय है।
सर्दी के मौसम में सुबह और शाम के समय कोहरे के चलते दृश्यता कम हो जाती है। ऐसे में तेज रफ्तार वाहनों के अनियंत्रित होने और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए वाहनों की रफ्तार सीमित करने का निर्णय लिया गया है।
बताया कि प्रदेश के गंगा एक्सप्रेसवे, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर इसे लागू कर दिया गया है।
यूपीडा की इस व्यवस्था का उद्देश्य सर्दी के मौसम में एक्सप्रेसवे पर सफर को सुरक्षित बनाना और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करना है। उधर अमरोहा जनपद से होकर गुजरने वाले गंगा एक्सप्रेसवे पर भी नई गति सीमा का पालन कराने की कवायद शुरू हो गई है।
पुलिस ने यूपीडा के निर्देशों के क्रम में एक्सप्रेसवे पर वाहनों की संशोधित गति सीमा का पालन कराना शुरू कर दिया है। यातायात निरीक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया कि वाहन चालकों को निर्धारित गति से ही वाहन चलाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
पुलिस की ओर से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर नजर रखी जा रही है। बताया कि कोहरे के दौरान एक्सप्रेसवे पर वाहन चलाना चुनौतीपूर्ण हो जाता है।
दृश्यता कम होने के कारण वाहन चालक सामने चल रहे वाहनों की दूरी और गति का सही अनुमान नहीं लगा पाते। ऐसे में निर्धारित गति सीमा का पालन करना बेहद जरूरी है। वाहन चालकों को सलाह दी जा रही है कि वे जल्दबाजी से बचें, सुरक्षित दूरी बनाए रखें और मौसम के अनुरूप वाहन चलाएं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।