विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तिगरी मेला: भक्ति, संस्कृति और का अद्भुत संगम; मनोरंजन के साथ खरीदारी का आनंद ले रहे लोग

Published: Sat, 21 Nov 2026 08:37 AM (IST)

गजरौला के तिगरी गंगा मेले में महापुरुषों के नाम पर बने घाट और आकर्षक प्रतिमाएं श्रद्धालुओं को लुभा रही हैं, जहां लोग मनोरंजन और खरीदारी का आनंद ले रहे हैं। मेले में सुरक्षा उपायों के साथ-साथ शिव मंदिर में तुलसी विवाह और गंगा तट पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भक्ति और कला का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया।

मेले में आरती करते सेवायत।

मेले में आरती करते सेवायत।

HighLights

  1. तिगरी मेले में घाट और प्रतिमाएं श्रद्धालुओं का आकर्षण बनीं

  2. सुरक्षा उपायों के साथ मेले में मनोरंजन और खरीदारी जारी

  3. तुलसी विवाह और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भक्तिमय माहौल बनाया

संवाद सहयोगी, गजरौला (अमरोहा)। तिगरी गंगा मेले में महापुरुषों के नाम पर बनाए गए घाट और भगवान की आकर्षक प्रतिमाएं श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। मेले में पहुंचे श्रद्धालु इन प्रतिमाओं के सामने सेल्फी लेते नजर आए। घाटों की सुंदरता और मेले में की गई व्यवस्थाओं को देखकर लोग काफी खुश दिखाई दिए। मेले में मनोरंजन के लिए लगाए गए विभिन्न झूलों पर बच्चों ने खूब आनंद लिया। वहीं, बाजार में भी लोगों की चहल-पहल बनी रही।

श्रद्धालुओं ने मेले में घूमने के साथ ही दुकानों पर पहुंचकर जमकर खरीदारी की। धार्मिक आस्था, मनोरंजन और बाजार की रौनक से तिगरी मेला गुलजार नजर आया।

तिगरी मेले में श्रद्धालु बरतें सावधानी

तिगरी गंगा मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है। गंगा स्नान के दौरान गहरे पानी में न जाएं और निर्धारित घाटों पर ही स्नान करें। महिलाओं को किसी भी अभद्रता पर तत्काल पुलिस से शिकायत करने की सलाह दी गई है। एसपी लखन सिंह यादव ने कहा कि बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। मेले में बिछड़ने पर नजदीकी पुलिस सहायता केंद्र पहुंचें। जेबकतरों से सावधान रहें और कीमती सामान सुरक्षित रखें। किसी भी आपात स्थिति में 112 पर कॉल कर पुलिस सहायता लें।

शिव मंदिर में धूमधाम से हुआ तुलसी विवाह

देवोत्थान एकादशी के पावन अवसर पर नगर के बुध बाजार स्थित शिव मंदिर में महिलाओं ने तुलसी विवाह का आयोजन धूमधाम और श्रद्धा के साथ किया। इस दौरान भगवान विष्णु एवं माता तुलसी का विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया गया। शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं ने विशेष पूजा-अर्चना की तथा भजन-कीर्तन कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। विवाह समारोह के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

कार्यक्रम में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और भगवान विष्णु एवं माता तुलसी से सुख-समृद्धि की कामना की। इस मौके पर वंदना गोयल, शीला कक्कड़, रिंकी बंसल, सत्या देवी गोयल, अंकित बंसल, रेखा और सुमन सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- तिगरी मेला में पांटून पुल से इस दिन शुरू होगा आवागमन, अंतिम चरण में पहुंचा निर्माण कार्य

सांस्कृतिक कार्यक्रम से समा बांधा

गंगा तट के समीप बने भव्य मंच पर रंगारंग प्रस्तुतियों ने सांस्कृतिक संध्या को उत्साह, उमंग और विविधता के रंगों से सराबोर कर दिया। ब्लू बर्ड इंटरनेशनल कॉलेज, धनौरा की प्रस्तुति, इंडायाज गाट टैलेंट के माध्यम से पहचान बनाने वाली झंकिता विश्वकर्मा की म्यूजिकल प्रस्तुति, मथुरा के श्री गीत कृष्ण द्वारा ब्रज की मधुर सांस्कृतिक एवं नृत्य प्रस्तुति तथा अमरोहा की कथक नृत्यांगना तेजस्विनी द्वारा प्रस्तुत शिव-दुर्गा नृत्य नाटिका ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के दौरान गंगा तट का वातावरण भक्ति, कला और संस्कृति के अद्भुत संगम से गुंजायमान रहा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।