विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हट गया बीच का टापू, अब मां गंगा की एक ही अविरल धारा में आमने-सामने आस्था की डुबकी लगाएंगे लाखों भक्त

Published: Thu, 12 Nov 2026 09:30 PM (IST)

कार्तिक पूर्णिमा पर तिगरी गंगा मेले में लाखों श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाएंगे और दीपदान करेंगे। इस बार मां गंगा ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. दीपदान पर गंगा के दोनों तटों पर नजर आएगा आस्था का अद्भुत संगम

  2. लाखों दीपों से जगमगाएंगे घाट, हर ओर गूंजेंगे मां गंगे के जयकारे

संवाद सहयोगी, गजरौला (अमरोहा)। उत्तर भारत के प्रसिद्ध तिगरी गंगा मेले में इस बार श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर तिगरी और गढ़मुक्तेश्वर के दोनों तटों पर लाखों श्रद्धालु मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाएंगे। खास बात यह है कि इस बार श्रद्धालु मां गंगा की एक ही अविरल धारा में आमने-सामने स्नान करेंगे। बीच में बहती मां गंगा और दोनों ओर उमड़ता श्रद्धा का सैलाब मेले की भव्यता को और बढ़ाएगा।

तिगरी गंगा मेला केवल स्नान का पर्व नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और अटूट आस्था का प्रतीक है। यहां कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के साथ दीपदान का विशेष महत्व है।

मान्यता है कि दीपदान की परंपरा महाभारत काल से चली आ रही है। यही वजह है कि दीपदान के दिन गंगा के दोनों तटों पर हजारों-लाखों दीप जलाए जाते हैं। जब अंधेरे में दीपों की रोशनी गंगा की लहरों पर झिलमिलाती है तो ऐसा प्रतीत होता है मानो आसमान के तारे धरती पर उतर आए हों।

तिगरी और गढ़मुक्तेश्वर के आमने-सामने लगने वाले इस मेले में दोनों ओर से श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ता है। गढ़मुक्तेश्वर की ओर भी लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं तो तिगरी की ओर भी आस्था का जनसमुद्र दिखाई देता है। इस वर्ष दोनों तटों पर श्रद्धालु आमने-सामने रहेंगे और बीच में मां गंगा की अविरल धारा बहेगी।

पिछले दो वर्षों से श्रद्धालु एक ही धारा में स्नान कर रहे हैं। इससे पूर्व गंगा की धारा दो भागों में बंट गई थी और बीच में टापू बन गया था। अब मां गंगा की कृपा से फिर एक धारा में स्नान का अद्भुत दृश्य श्रद्धालुओं को देखने को मिलेगा।

दीपों की रोशनी से जगमगाएंगे गंगा के दोनों तट

गजरौला। दीपदान के अवसर पर गंगा के दोनों किनारों पर जब श्रद्धालु दीप प्रवाहित करेंगे तो चारों ओर अलौकिक दृश्य दिखाई देगा। एक तरफ तिगरी के घाटों पर दीपों की कतारें होंगी तो दूसरी तरफ गढ़मुक्तेश्वर में भी दीपों की जगमगाहट मन मोह लेगी। गंगा की लहरों पर तैरते दीप और मां गंगे के जयकारों से गूंजता वातावरण हर श्रद्धालु को आध्यात्मिक अनुभूति कराएगा।

तंबुओं में बसती है आस्था की अलग दुनिया

गजरौला। तिगरी मेले में श्रद्धालु कई दिन पहले से ही पहुंचना शुरू कर देते हैं। गंगा किनारे तंबू लगाकर परिवारों के साथ डेरा जमाया जाता है। जगह-जगह अस्थायी आश्रम सजते हैं।

जहां साधु-संतों के प्रवचन, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठान होते हैं। साधु-संतों के स्नान के साथ श्रद्धालु भी हर-हर गंगे, जय मां गंगे और हर-हर महादेव के जयकारों के बीच पुण्य की डुबकी लगाते हैं।

यह भी पढ़ें- हरिद्वार गंगा एक्सप्रेस-वे: अमरोहा के किसानों को सर्किल रेट से चार गुणा अधिक मिलेगा मुआवजा, लखनऊ भेजा प्रस्ताव

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।