विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तिगरी गंगा मेले में दिखा कुंभ जैसा नजारा, नागा साधुओं के हैरतअंगेज करतब और शस्त्र प्रदर्शन ने मोहा मन

Published: Mon, 23 Nov 2026 01:52 PM (IST)

तिगरी गंगा मेले में नागा साधुओं ने भव्य सनातन धर्म जागरण शोभायात्रा निकाली, जिसमें उनके शस्त्र प्रदर्शन और हैरतअंगेज करतब आकर्षण का केंद्र रहे। इस दौरान मेला परिसर में कुंभ जैसा माहौल दिखा।

गजरौला के तिगरी गंगा में आरती करते साधु-संत। जागरण

गजरौला के तिगरी गंगा में आरती करते साधु-संत। जागरण

HighLights

  1. जगह-जगह पुष्पवर्षा कर संतों का किया स्वागत, हर-हर गंगे के जयकारों से गूंजा मेला

संवाद सहयोगी, गजरौला (अमरोहा)। तिगरी गंगा मेले में शनिवार को आस्था और सनातन संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। संतों और नागा साधुओं ने कुंभ मेले की तर्ज पर भव्य सनातन धर्म जागरण शोभायात्रा निकाली। नागा साधुओं के शस्त्र प्रदर्शन और हैरतअंगेज करतब श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे।

शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। संतों के विशाल जमावड़े और हर-हर गंगे के जयघोष से मेला परिसर में कुंभ जैसा माहौल नजर आया।

गंगा मेले के सेक्टर एक स्थित अखाड़ों के शिविरों में शनिवार सुबह से ही साधु-संतों और नागा साधुओं का जुटना शुरू हो गया था। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शोभायात्रा का शुभारंभ तिगरी रोड स्थित मंदिर से हुआ।

21JPN_27_21112026_342

सबसे आगे डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों के बीच संत-महात्मा नाचते-गाते मां गंगा के जयकारे लगा रहे थे। वहीं, नागा साधु अपने पारंपरिक अंदाज में करतब दिखाने के साथ शस्त्र प्रदर्शन कर रहे थे।

शोभायात्रा में ट्रैक्टर-ट्रालियों पर सवार वरिष्ठ संत सिंहासन पर विराजमान होकर चल रहे थे। पहली ट्रैक्टर-ट्राली में महंत योगी बुद्धूनाथ अगुवाई कर रहे थे।

यात्रा तिगरी रोड मंदिर से शुरू होकर शिवमूर्ति तिराहा, गांव के मुख्य चौक और ट्रैक्टर मार्ग होते हुए कांकाठेर रोड से मेला परिसर में पहुंची। विभिन्न मार्गों से भ्रमण करने के बाद शोभायात्रा संतों के शिविरों में पहुंचकर संपन्न हुई।

तिगरी मेले में दूसरी बार निकाली गई इस शोभायात्रा में अमरोहा समेत आसपास के जनपदों से बड़ी संख्या में संत और नागा साधु शामिल हुए। संतों के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।

21JPN_26_21112026_342

जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर संतों का अभिनंदन किया। हर-हर गंगे और अन्य जयकारों से पूरा मेला परिसर गूंजता रहा। शोभायात्रा की भव्यता देखकर श्रद्धालुओं को तिगरी में कुंभ मेले जैसा नजारा देखने को मिला।

यहां योगी संकटनाथ, विजय स्वरूप, बद्रीनाथ से रामानंद गिरी, बलवंत गिरी, परमानंद गिरि, नासिक जूना अखाड़ा के सचिव अजय गिरी, अवाना अखाड़ा के रामकृष्ण गिरी, नरोत्तम गिरी, स्वामी सर्वेश (गोमुख मनेरी आश्रम), अष्ट कौशल महंत नरोत्तम गिरि, महंत हरिओम गिरि, महंत प्रेम गिरि (जूना अखाड़ा), महंत रामानंद, महेंद्र रामानंद गिरि, महंत अरुण नाथ, गणेशपुरी (जूना अखाड़ा), महंत शांतानंद गिरि, महंत लवकुश गिरि और श्रीमहंत विवेकानंद महाराज आदि मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल भी तैनात रहा।

यह भी पढ़ें- अमरोहा के इस युवक ने दिल्ली में मचाया धमाल, 4 दिन में बेच डाले 1,579 पैकेट नमकीन, बड़े मॉल से मिले ऑफर!

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।