विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजकीय दर्जा मिलने के बाद और भव्य हुआ तिगरी गंगा मेला, 'हर-हर गंगे' के जयकारों से गूंज उठे घाट

Published: Thu, 19 Nov 2026 11:44 PM (IST)

कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर गजरौला के तिगरी गंगा मेले में लाखों श्रद्धालुओं ने मां गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य लाभ कमाया। राजकीय मेले का दर्जा मिलने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया, जिससे भक्तिमय माहौल बना रहा।

गजरौला तिगरी गंगा घाट पर स्नान करते श्रद्धालु। जागरण

गजरौला तिगरी गंगा घाट पर स्नान करते श्रद्धालु। जागरण

HighLights

  1. स्नान के बाद खिचड़ी का प्रसाद ग्रहण कर परिवार की सुख-समृद्धि के लिए की गई प्रार्थना

संवाद सहयोगी, गजरौला (अमरोहा)। तिगरी गंगा मेले में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं ने मां गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। सुबह सूर्योदय के साथ ही सेक्टर 13 और 21 स्थित स्नान घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। जय गंगे मैया और जय भोले शंकर के जयकारों से पूरा गंगा तट गुंजायमान हो उठा। चारों ओर भक्ति और श्रद्धा का माहौल नजर आया।

सूर्यदेव के दर्शन होते ही श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान शुरू कर दिया। स्नान का सिलसिला दोपहर बाद तक जारी रहा। बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और पुरुष सभी मां गंगा के पवित्र जल में डुबकी लगाने को उत्साहित नजर आए।

स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने खिचड़ी का प्रसाद ग्रहण किया और मां गंगा से परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। गंगा घाटों पर धार्मिक आस्था के साथ मेले की रौनक भी देखने को मिली।

82307351

स्नान के बाद परिवार के साथ पहुंचे श्रद्धालु घाटों पर समय बिताते नजर आए। छोटे बच्चे रेत में खेलते दिखाई दिए तो युवतियां गंगा की लहरों के बीच अठखेलियां करती नजर आईं। घाटों पर हर तरफ श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी रही।

गंगा स्नान के साथ दान-पुण्य और पूजा-अर्चना का दौर भी चलता रहा। उत्तरी भारत के प्रसिद्ध तिगरी गंगा मेले को राजकीय मेला घोषित किए जाने के बाद प्रशासन की ओर से व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए स्नान घाटों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिसकर्मी लगातार निगरानी कर रहे हैं, जिससे स्नान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

कार्तिक पूर्णिमा पर तिगरी गंगा मेले में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब मां गंगा के प्रति लोगों की अटूट आस्था और विश्वास का प्रतीक बना। जय गंगे मैया के जयकारों के बीच पूरा तिगरी धाम भक्तिमय नजर आया।

यह भी पढ़ें- बैंकाक में 40 देशों के डॉक्टरों को पछाड़ अमरोहा की डॉ. श्रेया वत्स ने जीता पहला स्थान, थायराइड शोध पर मिला सम्मान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।