विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

50 साल से नहीं टूटी आस्था की डोर: बैलगाड़ी से शुरू हुआ था 80 वर्षीय सावित्री देवी का तिगरी मेला सफर, आज भी जारी है परंपरा

Published: Sun, 15 Nov 2026 04:58 PM (IST)

उत्तरी भारत के प्रसिद्ध तिगरी गंगा मेले में दशकों पुरानी आस्था और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिल रहा ...और पढ़ें

तिगरी में घाट का नाम रखा किसान घाट। जागरण

तिगरी में घाट का नाम रखा किसान घाट। जागरण

HighLights

  1. बदले वक्त के साथ आवागमन के साधन, लेकिन नहीं बदली आस्था

संवाद सहयोगी, गजरौला (अमरोहा)। उत्तरी भारत के प्रसिद्ध तिगरी गंगा मेले में आस्था और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। मेले की तैयारियां जोरों पर हैं और श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। कोई ट्रैक्टर-ट्राली से तो कोई अन्य आधुनिक साधनों से मां गंगा के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंच रहा है।

खास बात यह है कि समय के साथ आवागमन के साधन और सुविधाएं भले ही बदल गई हों, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था आज भी पहले जैसी ही कायम है। तिगरी मेले में ऐसे कई श्रद्धालु पहुंचते हैं, जिनका मां गंगा के दरबार में आने का सिलसिला दशकों पुराना है।

मीरपुर गांव निवासी 80 वर्षीय सावित्री देवी करीब 50 वर्षों से लगातार मेले में आ रही हैं। वह बताती हैं कि जब उन्होंने मेले में आना शुरू किया था, तब परिवार के साथ बैलगाड़ी से यहां पहुंचती थीं।

उस दौर में आवागमन के साधन सीमित थे। श्रद्धालु मेले में तंबू लगाकर कई दिनों तक ठहरते थे। महिलाएं एक साथ बैठकर ढोलक की थाप पर मां गंगा के भजन और पारंपरिक गीत गाती थीं। उस समय की यादें आज भी उनके मन में ताजा हैं।

इसी तरह 52 वर्षीय सुनीता देवी करीब 40 वर्षों से तिगरी मेले में आ रही हैं। बचपन से ही उनका मेले के प्रति विशेष लगाव रहा है। 55 वर्षीय बबीता देवी भी पिछले करीब 40 वर्षों से मां गंगा के दरबार में हाजिरी लगा रही हैं।

इन श्रद्धालुओं के लिए तिगरी मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन की पुरानी यादों और पारिवारिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर भी है।आदित्य बताते हैं कि उनके पिता रणवीर सिंह उन्हें बचपन से ही तिगरी मेले में लेकर आते रहे हैं।

परिवार के साथ तंबू लगाकर यहां रहने का अनुभव बेहद सुखद होता है। ऐसा महसूस होता है, जैसे मां गंगा की गोद में आ गए हों। यही वजह है कि मेले से जुड़ी यादें हर पीढ़ी के साथ आगे बढ़ती रहती हैं।

तिगरी मेले की खासियत भी यही है कि यहां आधुनिकता के बीच पुरानी परंपराएं आज भी जीवंत हैं। सुविधाएं बढ़ने के बावजूद श्रद्धालुओं का तंबुओं में ठहरना, परिवार के साथ समय बिताना और भजन-कीर्तन करना मेले की पहचान बना हुआ है।

जाति और वर्ग के भेदभाव से ऊपर उठकर लोग आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ मेले में शामिल होते हैं। यही परंपरा तिगरी मेले को आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का अनूठा केंद्र बनाए हुए है।

यह भी पढ़ें- Tigri Ganga Mela: श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सौगात, 200 मीटर लंबे पांटून पुल से जुड़ेंगे तिगरी और गढ़मुक्तेश्वर मेले

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।