विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Tigri Mela: कभी 1 रुपये में झूलते थे झूला, बैलगाड़ी से जाते थे मेला; अब डीजे के शोर में गुम हो रही पुरानी रंगत

Published: Thu, 19 Nov 2026 11:58 AM (IST)

उत्तरी भारत के प्रसिद्ध तिगरी गंगा मेले में दशकों से आ रहे श्रद्धालु पुराने माहौल को याद कर रहे हैं। ...और पढ़ें

गजरौला तिगरी मेले के लिए ट्रैक्टर से जाते श्रद्धालु। जागरण

गजरौला तिगरी मेले के लिए ट्रैक्टर से जाते श्रद्धालु। जागरण

HighLights

  1. 50 साल से मेले में आ रहे बुजुर्गों को सता रही पुराने दिनों की याद

  2. आधुनिकता की दौड़ में पीछे छूटी तिगरी मेले की लोक संस्कृति

नितिन उपमन्यु, तिगरीधाम (अमरोहा)। उत्तरी भारत के प्रसिद्ध तिगरी गंगा मेले में श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया है। मेला राजकीय घोषित होने के बाद प्रशासन की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वहीं, श्रद्धालुओं ने भी गंगा किनारे अपने तंबू लगाने शुरू कर दिए हैं। मेले की रौनक बढ़ने के साथ ही दशकों से यहां पहुंच रहे श्रद्धालुओं को पुराने दिनों की याद सताने लगी है।

उनका कहना है कि समय के साथ मेले की परंपराओं और माहौल में काफी बदलाव आया है। कभी भाईचारे, शांति और भजन-कीर्तन के लिए पहचान रखने वाला मेला अब डीजे के शोर और युवाओं की मनमानी के चलते अपनी पुरानी पहचान खोता जा रहा है।

खालकपुर बड़ा, अमरोहा निवासी किरण देवी ने बताया कि वह करीब 50 वर्षों से लगातार तिगरी मेले में आ रही हैं। पहले मेले का माहौल बेहद शांत और पारिवारिक हुआ करता था। उस समय झूले का टिकट महज एक रुपये का मिलता था।

महिलाएं एक साथ बैठकर अपने सुख-दुख साझा करती थीं और आपसी मेलजोल बना रहता था। अब पहले जैसी परंपराएं और अपनापन देखने को नहीं मिलता। फतेहपुर छीतरा निवासी रीनू पत्नी मदन ने बताया कि वह करीब 30 वर्षों से मेले में आ रही हैं।

पहले लोग बैलगाड़ी और कटरा-बुग्गी से मेले में पहुंचते थे। रास्तों में भी अलग ही रौनक रहती थी। अब ट्रैक्टरों और अन्य वाहनों की आवाजाही से मेले का स्वरूप बदल गया है। पहले जहां शांति और सुकून का माहौल रहता था, वहीं अब वैसा वातावरण नजर नहीं आता।

सलारपुर निवासी सोनम, काजल और रजनी ने बताया कि पहले मेले में महिलाएं शाम के समय समूह बनाकर मां गंगा की पूजा-अर्चना करने जाती थीं। महिलाएं अपने साथ ढोलक लेकर जाती थीं और गंगा मैया के भजन गाती थीं।

तंबुओं में भी दिनभर भजन-कीर्तन और ढोलक की थाप सुनाई देती थी। इससे पूरे मेले में धार्मिक माहौल बना रहता था। अब डीजे के शोर ने इन पुरानी परंपराओं को काफी पीछे छोड़ दिया है।

श्रद्धालुओं का कहना है कि तिगरी मेला केवल गंगा स्नान का पर्व नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे, लोक संस्कृति और धार्मिक परंपराओं का प्रतीक भी रहा है। मेले की व्यवस्थाओं के साथ-साथ इसकी सांस्कृतिक पहचान को बचाए रखना भी जरूरी है।

प्रशासन को यातायात नियंत्रण, तेज आवाज में डीजे बजाने और युवाओं की मनमानी पर अंकुश लगाने के साथ धार्मिक परंपराओं को बढ़ावा देने पर ध्यान देना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी तिगरी मेले की पुरानी पहचान, संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी रह सकें।

यह भी पढ़ें- मॉडर्न दौर में भी जिंदा है पुरानी संस्कृति! बैलों के घुंघरुओं की छन-छन के साथ तिगरी मेला पहुँच रहा यह परिवार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।