विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Tigri Ganga Mela: अभी से खुलने लगी तैयारियों की पोल! तिगरी मेले में धंसने लगे ट्रैक्टरों के पहिए, लाखों श्रद्धालुओं पर मंडराया संकट

Published: Fri, 13 Nov 2026 10:09 PM (GMT+05:30)

उत्तर भारत के प्रसिद्ध तिगरी गंगा मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने से पहले ही व्यवस्थाओं की पोल खुल गई ...और पढ़ें

गजरौला तिगरी गंगा रोड पर फसा ट्रैक्टर। जागरण

गजरौला तिगरी गंगा रोड पर फसा ट्रैक्टर। जागरण

HighLights

  1. अभी से धंसने लगे ट्रैक्टरों के पहिए, श्रद्धालु परेशान, आवाजाही बढ़ने पर और अधिक बिगड़ सकते हैं हालात

संवाद सहयोगी, गजरौला (अमरोहा)। उत्तर भारत के प्रसिद्ध तिगरी गंगा मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने से पहले ही व्यवस्थाओं की पोल खुलने लगी है। मेला क्षेत्र में ट्रैक्टर रोड और गंगा रोड की हालत ठीक नहीं है। इन सड़कों पर अभी से किसानों के ट्रैक्टरों के पहिए धंसने लगे हैं। ऐसे में मेले के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने पर परेशानी और बढ़ सकती है।

किसानों ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से समय रहते सड़कों को दुरुस्त कराने की मांग की है। किसानों का आरोप है ठेकेदार ने सड़क निर्माण में लापरवाही बरती है।

82116996

यही वजह है कि सड़कों पर चलते समय ट्रैक्टरों के पहिए जमीन में धंस रहे हैं। कहा कि अभी तो मेला शुरू भी नहीं हुआ है और सड़कों की हालत ऐसी हो गई है। जब लाखों श्रद्धालुओं का आवागमन शुरू होगा तो इन रास्तों पर चलना मुश्किल हो सकता है।

बताया इस बार ठेकेदार को सड़क निर्माण में ज्यादा मशक्कत भी नहीं करनी थी, क्योंकि सेक्टर-11 तक पहले से ही जमीन पक्की थी। बावजूद सड़कों को ठीक ढंग से तैयार नहीं किया गया। उनका आरोप है जिम्मेदार अधिकारी भी इस समस्या की अनदेखी कर रहे हैं।

उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि श्रद्धालुओं का आवागमन शुरू होने से पहले ट्रैक्टर रोड और गंगा रोड की गुणवत्ता की जांच कराई जाए। साथ ही जहां सड़क कमजोर है, वहां मरम्मत कराकर आवागमन के लिए सुरक्षित बनाया जाए, ताकि किसानों और श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।

गंगा का कटान जारी, गहरे पानी वाले हिस्से में की बैरिकेडिंग

तिगरी गंगा मेले की तैयारियां तेजी से चल रही हैं, लेकिन गंगा नदी का कटान प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है। लगातार हो रहे कटान को रोकने के लिए बाढ़ खंड विभाग की ओर से बचाव के इंतजाम किए जा रहे हैं। इसके लिए कटर भी बनवाए जा रहे हैं, लेकिन नदी का कटान जारी है।

82114734

वहीं, कुछ स्थानों पर पानी की गहराई अधिक होने के कारण प्रशासन ने सदर के सामने टिनशेड लगाकर बैरिकेडिंग करा दी है, ताकि श्रद्धालु गहरे पानी की ओर न जा सकें। तिगरी गंगा मेले में हर साल लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर गंगा में स्नान करते हैं।

इस बार भी भारी भीड़ पहुंचने की संभावना है। ऐसे में गंगा घाट पर लगातार हो रहा कटान सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय बना हुआ है। इसे देखते हुए प्रशासन ने सदर के सामने गहरे पानी वाले हिस्से को टिनशेड से घेरकर बैरिकेडिंग करा दी है।

तिगरी रोड किनारे झाड़ियों और अतिक्रमण का अंबार, श्रद्धालुओं को जाम में फंसने का खतरा

तिगरी गंगा मेले के शुरू होने में अब कुछ दिन शेष हैं। मेले में लाखों श्रद्धालु पहुंचकर गंगा किनारे तंबू लगाकर प्रवास करेंगे। इस दौरान तिगरी रोड पर वाहनों का दबाव भी कई गुणा बढ़ जाएगा।

बावजूद सड़क किनारे झाड़ियों और अतिक्रमण की समस्या बनी हुई है। ऐसे में मेले के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित होने और श्रद्धालुओं को जाम से जूझने की आशंका है।

82114650

तिगरी रोड पर सड़क किनारे जगह-जगह झाड़ियां फैली हुई हैं। इसके अलावा ग्रामीणों ने सड़क किनारे उपले रखे हुए हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर भी पशुओं के बोंगे बनाए गए हैं।

इससे सड़क के किनारे का हिस्सा घिर गया है और आवागमन के लिए उपलब्ध जगह कम हो गई है। खासकर दीपदान के दिन तिगरी रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं।

जाम की स्थिति में दोपहिया वाहन चालकों को भी निकलने के लिए रास्ता नहीं मिल पाता। ऐसे में सड़क किनारे फैली झाड़ियां और अतिक्रमण परेशानी को और बढ़ा सकते हैं।

यह भी पढ़ें- मिनी कुंभ जैसा नजारा! 600 हेक्टेयर में बसेगा तंबुओं का शहर, 40 लाख श्रद्धालुओं के स्वागत को तैयार तिगरी गंगा मेला

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।