Tigri Ganga Mela 2026: मां गंगा के जयकारों से गूंजेगा तिगरी धाम! 22 सेक्टरों में सजेगा आस्था का महासंगम
उत्तर भारत के प्रसिद्ध तिगरी गंगा मेले की तैयारियां तेजी से चल रही हैं, जिसे इस बार 22 सेक्टरों में ...और पढ़ें

गजरौला स्थित तिगरी में मेले के लिए सड़क का निर्माण करते श्रमिक। सौ. ग्रामीण
HighLights
तेजी से चल रहीं तैयारियां, जरूरत पड़ने पर बढ़ाए जाएंगे सेक्टर, श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर प्रशासन का जोर
संवाद सहयोगी, गजरौला, तिगरी गंगा धाम (अमरोहा)। उत्तर भारत के प्रसिद्ध गंगा तिगरी मेले का स्वरूप अब धीरे-धीरे आकार लेने लगा है। मां गंगा के जयकारों और भक्ति की छटा के बीच लगने वाले इस ऐतिहासिक मेले की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। इस बार मेला 22 सेक्टरों में बसाया जाएगा।
श्रद्धालुओं की संख्या और व्यवस्थाओं की जरूरत को देखते हुए सेक्टरों की संख्या और भी बढ़ाई जा सकती है। मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने तैयारियों में तेजी ला दी है।
गंगा तिगरी मेले में हर वर्ष दूर-दराज के क्षेत्रों से लाखों श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन और पुण्य स्नान की आस्था लेकर पहुंचते हैं। श्रद्धालु तिगरी धाम में अपने तंबू लगाकर कई दिनों तक प्रवास करते हैं।
पूरा मेला भक्ति, श्रद्धा और उल्लास के रंग में रंग जाता है। गंगा मैया के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठता है। वहीं, बच्चे झूलों का आनंद लेते हैं और मेले में लगने वाली दुकानों पर भी रौनक दिखाई देती है।
मेले को व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए गंगा रोड, सदर बाजार रोड, वीआइपी रोड और ट्रैक्टर रोड पर काम चल रहा है। इन मार्गों को दुरुस्त करने के साथ ही मेले की अन्य व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप देने की तैयारी है।
मेले में झूले पहुंच चुके हैं, जबकि टेंट और बिजली की व्यवस्थाएं पूरी होने का इंतजार है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल की तैनाती भी की गई है।
आस्था और परंपरा का संगम है तिगरी मेला
गंगा तिगरी मेला केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और लोकजीवन का अनूठा संगम भी है। यहां श्रद्धालु मां गंगा के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट करते हैं और परिवार के साथ मेले की परंपराओं का आनंद लेते हैं।
अब जैसे-जैसे तैयारियां आगे बढ़ रही हैं, वैसे-वैसे तिगरी धाम में मेले की रौनक बढ़ने लगी है। श्रद्धालुओं को इंतजार है उस पावन अवसर का, जब मां गंगा के जयकारों से पूरा तिगरी धाम गुंजायमान होगा।
यह भी पढ़ें- Tigri Ganga Mela 2026: इस बार बदलेगा तिगरी मेले का स्वरूप, श्रद्धालुओं के लिए 400 बीघा जमीन पर सजेंगे तंबू
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।