विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Tigri Ganga Mela 2026: गंगा किनारे उतरी 'आस्था की नगरी', रंग-बिरंगी रोशनी, जलपरी और झूले बढ़ा रहे मेले की रौनक

Published: Thu, 19 Nov 2026 12:51 PM (IST)

उत्तरी भारत का प्रसिद्ध तिगरी गंगा मेला 20 नवंबर को शुरू होगा, जिसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आस्था और ...और पढ़ें

गजरौला लाइटों से जगमगाया तिगरी मेले का नजारा। जागरण

गजरौला लाइटों से जगमगाया तिगरी मेले का नजारा। जागरण

HighLights

  1. 24 सेक्टर तक बाजारों की बसावट पूरी, रंग-बिरंगी लाइटों और धार्मिक सजावट से निखरेगा मेले का स्वरूप

संवाद सहयोगी, गजरौला (अमरोहा)। उत्तरी भारत के प्रसिद्ध ऐतिहासिक तिगरी गंगा मेले में अब रौनक दिखाई देने लगी है। गंगा मैया के जयकारों, धार्मिक आस्था और मनोरंजन के आकर्षण के बीच मेले की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 20 नवंबर को मेले का विधिवत शुभारंभ होगा।

शुभारंभ कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए धर्मनगरी को भव्य रूप देने में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है।

मेले में सेक्टर एक से लेकर 24 तक बाजारों की बसावट का कार्य पूरा हो चुका है। दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाने में जुटे हैं।

गजरौला तिगरी गंगा घाट पर स्नान करते श्रद्धालु। जागरण

वहीं, गंगा घाटों की सफाई का कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है। इस बार मेले को पहले से अधिक भव्य स्वरूप देने की तैयारी की गई है। रात होते ही पूरा मेला रंग-बिरंगी लाइटों की रोशनी से जगमगाता नजर आ रहा है।

मेले में धार्मिक आस्था के साथ मनोरंजन के भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। बच्चों से लेकर बड़ों तक के लिए विभिन्न प्रकार के झूले तैयार हो चुके हैं। कहीं मिकी माउस तो कहीं जलपरी बच्चों को आकर्षित करेगी।

ऊंट की सवारी भी शुरू हो गई है। बाजारों में चाट-पकौड़ी और तरह-तरह के व्यंजनों की दुकानें सजने लगी हैं। वहीं, मीना बाजार में भी धीरे-धीरे रौनक बढ़ने लगी है।

धार्मिक प्रतिमाएं बनीं आकर्षण का केंद्र

तिगरी मेले में धार्मिक और सांस्कृतिक छटा बिखेरने के लिए विशेष सजावट की गई है। गंगा रोड पर भगवान हनुमान की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है, जबकि सदर चौक पर भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

इसके अलावा गंगा तट पर महापुरुषों के नाम से विभिन्न स्नान घाटों का नामकरण किया गया है। धार्मिक प्रतिमाओं और घाटों की सजावट से मेले की भव्यता और बढ़ गई है।

किसानों और पशुपालकों के लिए भी सजा बाजार

तिगरी मेले में किसानों और पशुपालकों की जरूरतों का भी विशेष ध्यान रखा गया है। बाजार में कृषि उपकरणों और खेती-किसानी से जुड़े सामान की दुकानें लगाई गई हैं।

इसके साथ ही पशुओं के लिए जरूरी सामान की दुकानें भी सजाई जा रही हैं। इससे मेले में आने वाले किसानों और पशुपालकों को अपनी जरूरत का सामान खरीदने का अवसर मिलेगा।

कुल मिलाकर तिगरी गंगा मेले में बाजारों की चहल-पहल, धार्मिक प्रतिमाओं की भव्यता, मनोरंजन के साधन और गंगा मैया के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था मेले की रौनक बढ़ा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- मॉडर्न दौर में भी जिंदा है पुरानी संस्कृति! बैलों के घुंघरुओं की छन-छन के साथ तिगरी मेला पहुँच रहा यह परिवार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।