कुंभ की तरह तिगरी मेले में जुटेंगे देशभर के संत और नागा साधु, 21 नवंबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
अमरोहा के तिगरी गंगा घाट पर 21 नवंबर को सनातन धर्म जागरण शोभायात्रा का आयोजन होगा।

तिगरी मेले में तंबुओं का खूबसूरत नजारा। (तस्वीर- जागरण)
HighLights
तिगरी गंगा घाट पर 21 नवंबर को शोभायात्रा का आयोजन।
देशभर के संत-महात्मा और नागा साधु होंगे शामिल।
शोभायात्रा में कुंभ मेले जैसा दिव्य माहौल देखने को मिलेगा।
जागरण संवाददाता, अमरोहा। तिगरी गंगा घाट पर 21 नवंबर को सनातन धर्म जागरण शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा।
कुंभ मेले की तर्ज पर निकलने वाली इस शोभायात्रा में देशभर के संत-महात्माओं और नागा साधुओं का जमावड़ा रहेगा। संतों के सानिध्य में निकलने वाली शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को कुंभ मेले जैसा दिव्य और आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिलेगा।
शोभायात्रा का शुभारंभ बैंड-बाजों और धार्मिक धुनों के बीच होगा। इसमें नागा साधु अपनी पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगे, जबकि संत-महात्माओं का दिव्य स्वरूप और सनातन संस्कृति की झलक आकर्षण का केंद्र रहेगी।
जगह-जगह श्रद्धालु पुष्पवर्षा कर संतों का स्वागत करेंगे। इस धार्मिक आयोजन में अष्ट कौशल महंत नरोत्तम गिरि, महंत हरिओम गिरि, महंत प्रेम गिरि (जूना अखाड़ा), साध्वी पूर्णा गिरि, महंत रामानंद, महेंद्र रामानंद गिरि, महंत अरुण नाथ, गणेशपुरी (जूना अखाड़ा), महंत शांतानंद गिरि, महंत लवकुश गिरि, श्रीमहंत विवेकानंद महाराज और बाबा कर्णपुरी महाराज सहित अनेक संत-महात्माओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।