अमरोहा में तूफान 'अर्णब' का असर: रातभर मूसलाधार बारिश और आंधी से 100 गांव अंधेरे में डूबे, फसलों पर मंडराया संकट
अमरोहा में तूफान 'अर्णब' के कारण रातभर हुई मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं से जनजीवन प्रभावित हुआ, जिससे तापमान में ...और पढ़ें

अमरोहा के करनपुर माफी गांव में लहलाती उड़द की फसल। जागरण
HighLights
नौगावां सादात तहसील में सर्वाधिक 32 एमएम वर्षा, चारों तहसीलों में 82.50 एमएम बारिश दर्ज
जागरण टीम, अमरोहा। जनपद में अर्णब तूफान का असर दिखाई दिया। गुरुवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने के बाद आधी रात को मौसम ने करवट बदल ली। तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश शुक्रवार सुबह तक जारी रही। बारिश से जहां मौसम में ठंडक बढ़ गई, वहीं खेतों में पानी भरने से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है।
उड़द, आलू और सरसों की फसलों पर बारिश का प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। खेतों में अधिक नमी के कारण आलू की बोआई का काम भी प्रभावित हुआ है। जनपद की चारों तहसीलों में कुल 82.50 एमएम वर्षा दर्ज की गई।
गुरुवार रात करीब 12 बजे से तेज हवाएं चलने लगीं। इसके कुछ देर बाद ही बारिश शुरू हो गई, जो शुक्रवार सुबह करीब सात बजे तक होती रही।

बारिश के चलते शहर में जेएस हिंदू पीजी कालेज, कैलसा बाइपास, आजाद मार्ग और बिजनौर मार्ग सहित कई स्थानों पर जलभराव हो गया। सुबह करीब 11 बजे तक बारिश थमी रही, लेकिन इसके बाद फिर बूंदाबांदी शुरू हो गई।
दोपहर दो बजे के बाद धूप निकली। बारिश से उड़द की तैयार फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। वहीं आलू की फसल में रोग लगने का खतरा बढ़ गया है।
सरसों की फसल पर भी बारिश का असर पड़ने की संभावना है। किसानों का कहना है मौसम का यही मिजाज बना रहा तो फसलों की पैदावार प्रभावित हो सकती है।
गुरुवार को अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री और न्यूनतम 19.6 डिग्री सेल्सियस था, जबकि शुक्रवार को अधिकतम तापमान गिरकर 26 डिग्री और न्यूनतम 19.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
आंधी-बारिश से 100 से अधिक गांवों की बिजली गुल
तेज आंधी और बारिश के चलते बिजली आपूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित हुई। बिजली लाइनों में फाल्ट आने से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में आपूर्ति ठप हो गई।
कैलसा, सिवौरा, अहरोई, डिडौली, जोया, गुलड़िया और नौगावां सादात बिजलीघरों से जुड़े 100 से अधिक गांवों में पूरी रात अंधेरा छाया रहा। शुक्रवार सुबह बारिश थमने के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों ने लाइनों में आए फाल्ट ठीक करने का काम शुरू किया।
करीब 10 बजे तक अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सुचारु हो सकी। एक्सईएन निखिल कुमार ने बताया कि सभी प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति शुरू करा दी गई है।
बारिश से जिन फसलों में नुकसान की आशंका जताई जा रही है, उनका सर्वे कराया जाएगा। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर किसानों को मुआवजा दिलाने के लिए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
- मनोज कुमार तोमर, जिला कृषि अधिकारी।
यह भी पढ़ें- अमरोहा में तेंदुए का खौफ: स्कूटर सवार छात्र पर झपटा, किसान को किया घायल; सड़क पर टहलता दिखा