अमरोहा में तेंदुए का खौफ: स्कूटर सवार छात्र पर झपटा, किसान को किया घायल; सड़क पर टहलता दिखा
अमरोहा में तेंदुए का आतंक जारी है, जिसने एक छात्र पर हमला किया और एक किसान को घायल कर दिया। ...और पढ़ें

अमरोहा में कैलसा-रघुनाथपुर मार्ग पर खड़ा तेंदुआ। स्रोत ग्रामीण
HighLights
देहात के गांव कैलसा-रघुनाथपुर के जंगल में हुई घटनाएं, शुक्रवार दिन में भी इसी मार्ग पर देखा गया तेंदुआ
जागरण संवाददाता, अमरोहा। जिले में तेंदुआ की दहशत खत्म होने का नाम नही ले रही है। गुरुवार रात को देहात क्षेत्र के गांव रघुनाथपुर निवासी छात्र आयुष पर तेंदुआ ने हमला कर दिया। गनीमत रही कि वह बच गया, लेकिन उसके स्कूटर की सीट पंजे के हमले से फट गई। इससे पहले बुधवार शाम को भी इसी मार्ग पर गांव निवासी किसान कुलदीप पर भी हमला कर घायल किया था।
वहीं शुक्रवार दोपहर तेंदुआ इसी मार्ग पर सड़क के बीच खड़ा दिखाई दिया। ग्रामीणों की भीड़ जुटी तो वह गन्ने के खेत में चला गया। सूचना पर थाना पुलिस व वन विभाग की टीम भी गांव पहुंच गई। जंगल में पिंजरा लगाने की तैयारी की जा रही है।
गांव रघुनाथपुर निवासी किसान अखलेंद्र सिंह का बेटा आयुष कुमार कक्षा 12 का छात्र है। वह अमरोहा नगर में ट्यूशन पढने के साथ कैलसा अड्डा पर स्थित लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षा की भी तैयारी करता है।

गुरुवार रात लगभग साढे आठ बजे वह स्कूटर पर सवार होकर लाइब्रेरी से घर लौट रहा था। रास्ते में तेंदुआ ने उस पर झपट्टा मार दिया। गनीमत रही की आयुष घायल नहीं हुआ तथा स्कूटर भी नहीं गिरा।
परंतु तेंदुआ के पंजे से स्कूटर की सीट का कवर फट गया। उसने घर जाकर स्वजन को घटना की जानकारी दी। इससे पहले इससे पहले बुधवार को भी तेंदुआ ने गांव निवासी किसान कुलदीप सिंह पर हमला कर घायल किया था।
कुलदीप सिंह बाइक पर सवार होकर कैलसा के साप्ताहिक बाजार से घर लौट रहे थे। रास्ते में तेंदुआ ने उन पर हमला कर दिया था। बाएं पैर पर तेंदुआ का पंजा लगने से वह घायल हो गए। इन घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

इस क्रम में शुक्रवार दोपहर लगभग 12 बजे भी कैलसा-रघुनाथपुर मार्ग पर तेंदुआ टहलता देखा गया। राहगीरों ने बीच सड़क पर खड़ा तेंदुआ को कैमरे में कैद कर लिया है।
इस दौरान दोनों तरफ से आने-जाने वाले लोग ठहर गए। ग्रामीण भी मौके पर जमा हो गए तथा पुलिस भी बुला ली। बाद में तेंदुआ गन्ने के खेत में चला गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई थी।
डीएफओ राजीव कुमार ने बताया कि टीम को गांव भेज कर ग्रामीणों को सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है। जंगल में पिंजरा लगाने की तैयारी की जा रही है।
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद-मुरादाबाद रेल लाइन का विस्तार: अमरोहा के 46 गांवों की ज़मीन का अधिग्रहण, क्रय-विक्रय पर लगी रोक
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।