54 साल बाद फिर वही जादू! 4K रेस्टोरेशन में लंदन में दिखाई गई कमाल अमरोही की 'पाकीज़ा', मौजूद रहा परिवार
कमाल अमरोही की कालजयी फिल्म 'पाकीजा' को अब नई पीढ़ी 4K रेस्टोरेशन में देख सकेगी। लंदन स्थित ब्रिटिश फिल्म इंस्टीट्यूट ...और पढ़ें

पाकीजा
HighLights
आने वाली पीढियों के लिए 4के रेस्टोरेशन में तैयार हुई कमाल की पाकीजा
ब्रिटिश फिल्म इंस्टीटयूट में हुई नए प्रिंट की स्क्रीनिंग
जागरण संवाददाता, अमरोहा। कमाल अमरोही द्वारा निर्देशित फिल्म पाकीजा को अब आने वाली पीढ़ी के दर्शक नए प्रिंट में देख सकेंगे। लंदन स्थित ब्रिटिश फिल्म इंस्टीटयूट में आयोजित फिल्म फेस्टिवल में इस फिल्म के प्रिंट 4के रेस्टोरेशन में लांच किए गए। स्क्रीनिंग के इस मौके पर कमाल अमरोही का परिवार मौजूद रहा।
18 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम में पाकीजा के रिलीज होने के 54 साल बाद भी दर्शकों के सिर इसका जादू देखने को मिला। अमरोहा के मुहल्ला लकड़ा निवासी फिल्म निर्देशक कमाल अमरोही की कालजयी फिल्म पाकीजा 1972 में रिलीज हुई थी।
जबकि कमाल अमरोही ने इसका निर्माण 1958 में शुरू किया था। 14 साल के लंबे अरसे बाद पूरी हुई फिल्म पाकीजा ने सफलता के नए आयाम स्थापित किए थे।

54 साल पुरानी इस फिल्म के प्रिंट धुंधले थे, लिहाजा आने वाली पीढियों को नए क्लेवर में दिखाने के लिए इस फिल्म के प्रिंट अब 4के रेस्टोरेशन में लांच किए गए हैं। 18 अक्टूबर को सेंट्रल लंदन के सबसे बड़े सिनेमा स्क्रीन बीएफआई आईमैक्स में इसकी स्क्रीनिंग का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरूआत फिल्म हेरिटेज फाउंडेशन के निदेशक शिवेंद्र सिंह डुंगरपुर, फिल्मकार कमाल अमरोही के बेटे ताजदार अमरोही और बेटी रुखसार अमरोही के साथ बीएफआई की कार्यकारी निदेशक अरीके ओके ने की।
फिल्म हेरिटेज फाउंडेशन के सहयोग से पाकीजा के नए प्रिंट तैयार किए गए हैं। कमाल अमरोही की बेटी रुखसार अमरोही ने बताया कि पाकीजा केवल एक फिल्म नहीं बल्कि उनके पिता का सपना है। जो कामयाबी के साथ पूरा हुआ था।
चूंकि फिल्म के प्रिंट काफी पुराने थे, लेकिन अब नए दर्शकों के लिए यह आधुनिक तकनीक के साथ मौजूद रहेंगे। बताया कि लंदन में आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों ने पाकीजा को हमेशा की तरह बेहद प्यार दिया है।
क्या है 4के रेस्टोरेशन तकनीक
4के रेस्टोरेशन का मतलब है किसी पुरानी, धुंधली या कम गुणवत्ता वाली फोटो या वीडियो को आधुनिक तकनीक की मदद से बेहतर बनाना, ताकि वह 4के जैसी उच्च गुणवत्ता में दिखाई दे।
इसमें पुरानी या खराब फोटो के दाग-धब्बे हटाना, रंग सुधारना, चेहरे और अन्य विवरणों को स्पष्ट करना होता है। साथ ही पुरानी फिल्म या वीडियो में मौजूद शोर, धुंधलापन और खरोंच कम करके उसकी गुणवत्ता सुधारना होता है। 4के वीडियो का सामान्य रिजाल्यूशन 3840×2160 पिक्सल होता है, जो फुल एचडी से लगभग चार गुना अधिक पिक्सल देता है।
