NHAI Toll Plaza Pass: टोल प्लाजा पर 2,820 रुपये की सीधी बचत! 1,500 रुपये में बनेगा सालभर का पास, जानें आवेदन की प्रक्रिया
केंद्र सरकार ने टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर दायरे में रहने वाले वाहन स्वामियों के लिए वार्षिक पास की सुविधा ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
अब तक 360 रुपये प्रतिमाह में दिया जाता था पास
जागरण संवाददाता, अमरोहा। केंद्र सरकार ने एक नवंबर से टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले वाहन स्वामियों के लिए वार्षिक पास की सुविधा शुरू की है। पहले स्थानीय टोल प्लाजा से गुजरने के लिए 360 रुपये मासिक यानी 4,320 रुपये सालाना खर्च करने पड़ते थे।
अब 1,500 रुपये में सालभर का पास बनेगा, जिससे 2,820 रुपये की बचत होगी। दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर जमापुर गांव में स्थित टोल प्लाजा पर आज यानी सोमवार से पास जारी करने की प्रक्रिया शुरू होगी।
इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की वेबसाइट पर आनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के दौरान वाहन का पंजीयन पत्र (आरसी) और आधार कार्ड देना होगा।
20 किलोमीटर के दायरे में आने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के साथ अमरोहा नगर, जोया और गजरौला के वाहन स्वामियों को भी योजना का लाभ मिलेगा।
जमापुर टोल प्लाजा पर अब तक 623 स्थानीय वाहन स्वामी 360 रुपये प्रतिमाह देकर पास बनवा चुके हैं। नया पास केवल निजी कारों के लिए होगा; कमर्शियल वाहनों को यह सुविधा नहीं मिलेगी।
टोल प्लाजा के पास सर्विस रोड नहीं है, इसलिए स्थानीय वाहन स्वामियों को यहां से गुजरना पड़ता है। पास जारी होने के बाद स्थानीय टोल पर फास्टैग खाते से पैसे नहीं कटेंगे और इसके लिए फास्टैग की जरूरत भी नहीं होगी। हालांकि, अन्य टोल प्लाजा पर फास्टैग खाते से शुल्क कटता रहेगा।
रविवार शाम तक एनएचएआइ की वेबसाइट पर जमापुर टोल प्लाजा का नाम शामिल नहीं हुआ था। सोमवार से पास जारी करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वाहन की आरसी और आधार कार्ड के माध्यम से एनएचएआइ की वेबसाइट पर आनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
- नंदू सिंह, इंचार्ज, जमापुर टोल प्लाजा।
यह भी पढ़ें- छठ-दीपावली पर दिल्ली जाना हुआ आसान: अमरोहा से चलेंगी 20 स्पेशल बसें, चालकों को मिलेंगे ₹4,800 तक एक्स्ट्रा