रसोई का बजट फेल! दूध से लेकर सरसों के तेल तक सब कुछ महंगा, अब जेब पर पड़ेगा इतना अतिरिक्त बोझ
दूध, सरसों के तेल और दालों की कीमतों में वृद्धि से आम आदमी का रसोई बजट बिगड़ गया है। अमूल ...और पढ़ें

एआई इमेज
संवाद सहयोगी, मंडी धनौरा (अमरोहा)। महंगाई ने एक बार फिर आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी खाद्य वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ने से मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। दूध, सरसों के तेल और दालों की कीमतों में हुई वृद्धि ने गृहणियों की चिंता बढ़ा दी है। घर का खर्च चलाने के लिए अब लोगों को जेब ज्यादा ढीली करनी पड़ रही है।
12 नवंबर से अमूल व मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में दो से चार रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी है। टोंड दूध दो रुपये महंगा होकर 62 रुपये प्रति लीटर हो गया है, जबकि फुल क्रीम दूध की कीमत 72 रुपये से बढ़कर 76 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है।
कंपनियों ने पशुओं के चारे, खली, पैकेजिंग और परिवहन लागत बढ़ने को इसकी वजह बताया है। उधर, खाद्य तेल और दालों की कीमतों ने भी रसोई का गणित बिगाड़ दिया है।
पीली सरसों का तेल पहले 185 रुपये प्रति लीटर बिक रहा था, जो अब बढ़कर 220 रुपये पहुंच गया है। यानी एक लीटर तेल पर ही 35 रुपये अधिक खर्च करने पड़ रहे हैं।
वहीं अरहर, उड़द, मूंग और अन्य दालों के दामों में भी 10 से 20 रुपये प्रति किलो तक की वृद्धि हुई है। स्थानीय बाजार में खरीदारी करने पहुंच रहे लोगों का कहना है कि पहले ही सब्जियों, गैस व अन्य घरेलू जरूरतों पर खर्च बढ़ा हुआ है। अब दूध, तेल और दालें महंगी होने से महीने का बजट संभालना मुश्किल हो रहा है।
यह बोले लोग
दूध, तेल और दाल जैसी रोजमर्रा की जरूरतों की चीजें लगातार महंगी हो रही हैं। पहले जितने रुपये में महीने भर का राशन आ जाता था, अब उसी सामान के लिए अधिक पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। - नीति अग्रवाल, गृहणी।
रसोई का पूरा बजट बिगड़ गया है। सरसों के तेल में 35 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि और दालों के दाम बढ़ने से हर महीने अतिरिक्त खर्च बढ़ गया है। आमदनी उतनी ही है, लेकिन खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है। - अनीता देवी, गृहणी।
दूध से लेकर खाद्य तेल तक के दाम बढ़ने से महीने का बजट गड़बड़ा गया है। मध्यम वर्ग के लिए परिवार का खर्च चलाने के साथ बचत करना भी मुश्किल हो रहा है। - मनीष अग्रवाल, मंडी धनौरा।
खाद्य वस्तुओं के दाम बढ़ने से बाजार में भी ग्राहकों की खरीदारी प्रभावित हो रही है। लोग जरूरत के हिसाब से ही सामान खरीद रहे हैं। महंगाई के चलते आम आदमी की जेब पर लगातार बोझ बढ़ रहा है। - कुलदीप सिंह, मंडी धनौरा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।