डीएम ऑफिस से नायब तहसीलदार बनकर सीएचसी प्रभारी को किया कॉल, वाट्सएप पर मांगी स्वास्थ्य कर्मचारियों की गोपनीय जानकारी
अमरोहा में एक साइबर ठग ने खुद को नायब तहसीलदार बताकर सीएचसी प्रभारी से स्वास्थ्य कर्मचारियों की गोपनीय जानकारी वाट्सएप पर मांगी। सीएमओ ने जानकारी साझा करने से मना किया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।

एआई इमेज
संवाद सूत्र, जोया (अमरोहा)। साइबर ठग अब अधिकारियों के नाम और पद का इस्तेमाल कर सरकारी विभागों की गोपनीय जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहे हैं। बुधवार को एक अज्ञात व्यक्ति ने सीएचसी प्रभारी डा. मोहम्मद उवैस को फोन कर खुद को जिलाधिकारी कार्यालय में तैनात नायब तहसीलदार अशोक मीणा बताया।
उसने स्वास्थ्य कर्मचारियों के नाम, तैनाती स्थल और मोबाइल नंबर वाट्सएप पर भेजने को कहा। शक होने पर सीएचसी प्रभारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डाॅ. रमाकांत सागर को इसकी जानकारी दी।
सीएमओ ने किसी भी कर्मचारी की जानकारी साझा करने से मना कर दिया। मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है। सीएचसी प्रभारी डाॅ. मोहम्मद उवैस के अनुसार, मंगलवार शाम उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात व्यक्ति की काल आई थी।
उसने खुद को डीएम कार्यालय से नायब तहसीलदार अशोक मीणा बताते हुए समस्त स्वास्थ्य कर्मचारियों की तैनाती का स्थान और मोबाइल नंबर मांगे। साथ ही कर्मचारियों को निर्देश देने के लिए कहा कि उनसे जो भी जानकारी मांगी जाए, उसे उनके व्यक्तिगत नंबर पर वाट्सएप के माध्यम से साझा करें।
आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति ने तीन अलग-अलग नंबरों से तीन बार फोन किया। बार-बार व्यक्तिगत नंबर पर जानकारी मांगने से सीएचसी प्रभारी को शक हुआ। उन्होंने तत्काल सीएमओ को पूरे मामले से अवगत कराया।
सीएमओ ने कर्मचारियों की कोई भी जानकारी देने से इन्कार कर दिया। बुधवार को भी अशोक मीणा के नाम से फोन किए जाने की बात सामने आई। सीएचसी प्रभारी ने प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी है।
प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि मामले की जांच कर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। गौरतलब है कि करीब एक सप्ताह पहले भी अशोक मीणा के नाम से हसनपुर ब्लाक क्षेत्र में स्वास्थ्य कर्मचारियों के वाट्सएप ग्रुप में इसी तरह का संदेश प्रसारित हुआ था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।