विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोते रहे अफसर, कटता रहा बाग: विवादित जमीन पर भू-माफिया ने रातों-रात चलाई आरी, अब एसडीएम ने लिया एक्शन

Published: Tue, 03 Mar 2026 08:14 PM (IST)

अमरोहा में विवादित आठ बीघा जमीन पर भू-माफिया ने सोमवार रात 75 आम के हरे-भरे पेड़ काट दिए। आरोप है ...और पढ़ें

अमरोहा मंडी धनौरा मार्ग पर सोमवार रात काटे गए आम के पेड़ के बाद पड़ी लकड़ी। जागरण

अमरोहा मंडी धनौरा मार्ग पर सोमवार रात काटे गए आम के पेड़ के बाद पड़ी लकड़ी। जागरण

HighLights

  1. विवादित खेत में 75 पेड़ों पर चलाई आरी, राजस्व विभाग के दो कर्मियों का नाम चर्चा में

जागरण संवाददाता, अमरोहा। माफिया के बीच एक शब्द बहुत प्रचलित है, जिसे ‘सेटिंग’ कहा जाता है। पुलिस व प्रशासनिक दफ्तरों में जिसकी सेटिंग जितनी तगड़ी वह उतना ही मजबूत माफिया होता है। इसी सेटिंग का नायाब नमूना सोमवार रात अमरोहा में देखने को मिला है। माफिया ने 20 से 25 लोगों को साथ लेकर आम के हरे-भरे पेड़ पर आरी चला दी।

विवादित आठ बीघा भूमि में खड़े आम के लगभग 75 पेड़ काट दिए। जबकि एक पक्ष पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को काल करता रहा। वन विभाग की टीम भी नहीं पहुंची। इतना ही नहीं काटी गई आम की लकड़ी मंगलवार को एक प्लाट में रखी रही। यह मामला अमरोहा-मंडी धनौरा रोड का है।

अमरोहा नगर व नौगावां सादात थाना क्षेत्र की सीमा पर यह आठ बीघा जमीन में मौजूद बाग को रातों-रात काट कर मैदान कर दिया गया। दरअसल इस जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा है। अदालत में भी मुकदमा विचाराधीन है। स्वामित्व को लेकर दोनों पक्ष कई बार आमने सामने भी आ चुके हैं।

चर्चा है कि एक पक्ष के साथ सदर तहसील के दो राजस्व कर्मी भी इस जमीन में हिस्सेदार बन गए हैं। दूसरे पक्ष को कब्जा न दिलाने का भरोसा देकर वह सारे मामले में हस्तक्षेप करते हैं। अब ताजा मामला सोमवार रात का है। एक पक्ष ने दोनों राजस्व कर्मियों की मदद से पुलिस व वन विभाग में ‘सेटिंग’ करा कर बाग का कटान शुरू कर दिया।

लगभग 25 से 30 लोग ट्रैक्टर-ट्राली व आरा-कुल्हाड़ी लेकर बाग में पहुंच गए। आम के हरे-भरे पेड़ों का काट दिया गया। दूसरे पक्ष को आधी रात बाद इसकी जानकारी हुई तो वह मौके पर पहुंचा भी, लेकिन वहां लोगों की संख्या अधिक देख वापस लौट गया। आरोप है कि उसने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ वन विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को काल कर सूचना दी।

परंतु रात में किसी ने काल रिसीव नहीं की। तड़के तक आरोपितों ने 75 पेड़ों का कटान कर बाग की जगह मैदान कर दिया। इतना ही नहीं मंगलवार को भी धनौरा रोड स्थित एक प्लाट में यह लकड़ी पड़ी रहीं। बावजूद इसके इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई।

प्लाटिंग के लिए कराया जाता है बाग का कटान

अमरोहा व नौगावां सादात के साथ ही हसनपुर में आम के बाग का कटान बड़े पैमाने पर किया जाता है। सोमवार रात भी मंडी धनौरा रोड पर यही हुआ। माफिया ने विवादित जमीन पर बाग काट दिया। जिस पर प्लाटिंग किए जाने की तैयारी है। इस कारोबार में राजस्व विभाग के दो कर्मी भी शामिल हैं।

 

मंगलवार को मामला संज्ञान में आया है। राजस्व कर्मी की संलिप्ता सामने आई है। उसका स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही सारे मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है।

- शैलेष दुबे, एसडीएम।


यह भी पढ़ें- अमरोहा के शिक्षकों को बड़ा झटका! BSA की मंजूरी के बाद भी 50% शिक्षकों का 'चयन वेतनमान' फंसा, जानें क्या है वजह