विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमरोहा के शिक्षकों को बड़ा झटका! BSA की मंजूरी के बाद भी 50% शिक्षकों का 'चयन वेतनमान' फंसा, जानें क्या है वजह

Published: Fri, 27 Feb 2026 06:03 PM (IST)

अमरोहा में 50% शिक्षकों का चयन वेतनमान मानव संपदा पोर्टल पर अधूरी ई-सर्विस पुस्तिकाओं के कारण अटक गया है। बीएसए ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक चित्र

प्रतीकात्मक चित्र

HighLights

  1. मानव संपदा पोर्टल पर मूल ई-सर्विस पुस्तिका अपडेट न होने से फाइलें वित्त विभाग में अटकीं

  2. बीएसए की ओर से 905 शिक्षकों के चयन वेतनमान को प्रदान की जा चुकी स्वीकृति

जागरण संवाददाता, अमरोहा। बेसिक शिक्षा विभाग में चयन वेतनमान को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है। ब्लाक स्तर पर करीब 50 प्रतिशत शिक्षकों का चयन वेतनमान निर्धारण अब तक नहीं किया गया है। वहीं, मानव संपदा पोर्टल पर उनकी मूल ई-सर्विस पुस्तिकाएं भी अधूरी पाई गई हैं। इसके चलते जिला वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय में वेतन आहरण की प्रक्रिया अटक गई है।

जनपद में 1,254 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं, जिनमें लगभग 4,158 शिक्षक तैनात हैं। शासन के निर्देशानुसार 10 वर्ष की सेवा पूर्ण कर चुके शिक्षकों को चयन वेतनमान का लाभ दिया जाना है। इसके लिए संबंधित बीईओ को शिक्षकों का सत्यापन कर सेवा पुस्तिका तथा ऑनलाइन मूल ई-सर्विस पुस्तिका का प्रमाणित प्रिंट अपलोड कर वेतन निर्धारण अंकित करना था।

ब्लाकवार चयन वेतनमान के दायरे में आने वाले शिक्षकों का विवरण

ब्लाक का नाम शिक्षकों की संख्या
जोया 195
अमरोहा 165
धनौरा 151
गजरौला 139
हसनपुर 136
नगर क्षेत्र अमरोहा 11
नगर क्षेत्र हसनपुर 3
कुल योग 800

बीएसए की ओर से 905 शिक्षकों के चयन वेतनमान को स्वीकृति भी प्रदान की जा चुकी है और कुछ शिक्षकों की सूची दिसंबर माह में वित्त कार्यालय भेजी गई। लेकिन जिला वित्त एवं लेखाधिकारी कुंदन कुमार झा ने परीक्षण के दौरान पाया कि अधिकांश शिक्षकों की ई-सर्विस पुस्तिका अधूरी है।

पोर्टल पर न तो चयन वेतनमान का निर्धारण दर्ज है और न ही सीसीएल, सेवा विस्तार, वेतन अवरुद्ध, बहाली तिथि अथवा विभागीय कार्रवाई जैसी अनिवार्य प्रविष्टियां अंकित की गई हैं। ऐसे में वित्त विभाग को भुगतान प्रक्रिया आगे बढ़ाने में परेशानी हो रही है।

जिला वित्त एवं लेखाधिकारी ने सभी बीईओ को पत्र भेजकर आवश्यक प्रविष्टियां पूर्ण कराने के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक करीब आधे मामलों में ही सुधार हो सका है। जिन शिक्षकों का वेतन निर्धारण पूर्ण है, उनका वेतन इसी माह आहरित करने की तैयारी की जा रही है।

चयन वेतनमान में प्रमुख कमियां

  • आनलाइन चयन वेतनमान का निर्धारण नहीं किया गया।
  • मूल ई-सर्विस पुस्तिकाएं अधूरी अपलोड।
  • सीसीएल, सेवा विस्तार की प्रविष्टियां दर्ज नहीं।
  • कार्रवाई, वेतन अवरुद्ध व बहाली संबंधी विवरण अनुपस्थित।

 

हमारी ओर से शिक्षकों के चयन वेतनमान लगाने के लिए जिला वित्त एवं लेखाधिकारी को शिक्षकों की सूची आनलाइन मूल ई-सर्विस पुस्तिका के उपलब्ध करा दी गई है। अगर बीईओ ने वेतन का निर्धारण नहीं किया है और मूल ई-सर्विस पुस्तिका अधूरी है तो जिला वित्त एवं लेखाधिकारी मुझे अवगत कराएं। जो कमी रह गई है, उसे पूरा कराया जाएगा।

- मोनिका, बीएसए।


यह भी पढ़ें- अमरोहा में बड़ा खेल: आजीवन ब्लैकलिस्ट नक्शा नवीस को 'चोर दरवाजे' से दी एंट्री, SDM ने पकड़ी जेई की बड़ी जालसाजी!