9वीं की छात्रा से हैवानियत: पशुओं को पानी पिलाकर लौट रही किशोरी को सूने घर में खींचा, 2 आरोपी हिरासत में
हसनपुर में 9वीं की दलित छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म की वारदात। पशुओं को पानी पिलाकर घर लौट रही किशोरी को ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक चित्र
संवाद सहयोगी, हसनपुर (अमरोहा)। कोतवाली क्षेत्र के गांव में कक्षा नौ की नाबालिग दलित छात्रा से गांव के ही गैर जाति के दो युवकों ने एक सूने घर में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना बुधवार सुबह करीब दस बजे की बताई जा रही है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है।
गांव निवासी 15 वर्षीय किशोरी पड़ोसी गांव के एक विद्यालय में कक्षा नौ में पढ़ती है। सुबह करीब दस बजे वह अपने घेर में पशुओं को पानी पिलाकर वापस घर लौट रही थी।
रास्ते में गौरव खड़गवंशी व जसपाल खड़गवंशी मिले। दोनों युवक किशोरी को गौरव के घर में ले गए। गौरव के स्वजन इस दौरान जंगल गए हुए थे। आरोप है कि जसपाल ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया तथा गौरव पीड़िता के हाथ पकड़े रहा।
कमरे की अंदर से कुंडी भी गौरव ने ही बंद की थी। किशोरी के शोर मचाने पर गांव के काफी लोग वहां एकत्र हो गए। जिन्होंने पीड़िता को आरोपितों से छुड़ाया।
किशोरी से गैंगरेप के मामले में पुलिस ने दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा जा रहा है।
दलित किशोरी से दुष्कर्म को लेकर पीड़िता पक्ष के लोगों में रोष व्याप्त है। सीओ पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि छात्रा से दुष्कर्म के मामले में आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पूरे मामले की जांच की जा रही है।
