100 साल बाद भी पक्की सड़क को तरस रहा हसनपुर का यह गांव, ग्रामीणों ने दी चुनाव बहिष्कार की चेतावनी
हसनपुर तहसील के पास कूड़ी वीरान गांव 100 साल बाद भी पक्की सड़क से वंचित है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी हो रही है। विकास न होने से नाराज ग्रामीणों ने आगामी चुनावों में मतदान बहिष्कार की चेतावनी दी है।

कूड़ी वीरान गांव की कच्ची सड़क। जागरण
संवाद सहयोगी, हसनपुर (अमरोहा)। तहसील मुख्यालय तथा हसनपुर कस्बा यानी दोनों दिशाओं से एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित ग्राम पंचायत करनपुर माफी के मझरा कूड़ी वीरान गांव में स्थापना के करीब 100 वर्ष बाद भी विकास की किरण नहीं पहुंच सकी है। हद तो यह है कि इस गांव के लिए किसी भी दिशा से पक्का रास्ता नहीं है।
गांव का मुख्य रास्ता भी कच्चा है। बारिश में कच्चे रास्ते में जलभराव होने से कीचड़ हो जाती है। जिसमें लोग फिसल कर गिरते हैं। बच्चों को शिक्षा का ककहरा सीखने दूसरे गांवों में जाना पड़ता है।
विधानसभा चुनाव में किया था मतदान का बहिष्कार
गांव में विकास न होने से आहत लोगों ने वर्ष 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में मतदान का बहिष्कार किया था। मतदान के बहिष्कार की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों ने गांव पहुंचकर सड़क बनवाने का आश्वासन दिया था।
चुनाव बाद सरकार बनने पर इस क्षेत्र के विधायक चेतन चौहान सरकार में कैबिनेट मंत्री भी बने लेकिन इस गांव तक विकास की किरण नहीं पहुंच पाई।
वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में अमरोहा से सांसद चुने गए चौधरी कंवर सिंह तंवर ने ग्राम पंचायत करनपुर माफी को गोद लिया था। उसी ग्राम पंचायत का मझरा होने के बावजूद भी यहां सड़क नहीं बन सकी।
गांव के लोगों को राशन लेने के लिए एक किमी दूर करनपुरी जाना पड़ता है। जबकि नन्हे मुन्ने बच्चों को शिक्षा हासिल करने के लिए दो किमी दूर करनपुर माफी के परिषदीय विद्यालय में जाना पड़ रहा है।
यह बोले ग्रामीण
कूड़ी वीरान गांव की विकास के मामले में उपेक्षा की जा रही है। शहर के नजदीक बसा हुआ होने के बावजूद भी यहां चिराग तले अंधेरा हो रहा है। - चमेली देवी, स्थानीय महिला।
गांव के लोग लंबे समय से सड़क बनवाने की मांग कर रहे हैं लेकिन, कोई सुनवाई नहीं हो रही है। बारिश के मौसम में गांव से बाहर निकलना मुश्किल रहता है। - शिक्षा देवी, स्थानीय महिला।
प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से सड़क निर्माण की मांग करते हुए थक गए हैं। लेकिन, कोई सुनवाई नहीं हो रही है। आने वाले चुनाव में मतदान का बहिष्कार करेंगे। - राजेंद्र सिंह, ग्रामीण।
हसनपुर से कूड़ी वीरान एक किमी दूर है। जिसमें 150 मीटर हसनपुर की दिशा में इंटरलाकिंग सड़क बनी हुई है। शेष सड़क चुनाव से पहले नहीं बनी तो इस बार मतदान नहीं करेंगे। - करन सिंह, ग्रामीण।
कूड़ी वीरान गांव के लिए किसी भी दिशा से पक्की सड़क नहीं होने की जानकारी नहीं है। जांच कराकर सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
- हिमांशु उपाध्याय, एसडीएम हसनपुर।
यह भी पढ़ें- अमरोहा से पंजाब-हरियाणा तक जुड़े थे नकली कैप्सूल के तार, गैस-अल्सर की दवा में भरा था बेअसर पाउडर