Haridwar Expressway के लिए अमरोहा में तेज हुई बैनामों की प्रक्रिया, मुआवजा भुगतान के लिए जमा हो रहे डॉक्यूमेंट
अमरोहा में हरिद्वार एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण और बैनामों की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। यूपीडा ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
हरिद्वार एक्सप्रेसवे भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया अमरोहा में तेज हुई।
किसानों की सहमति लेकर भूमि बैनामे पूरे करने के निर्देश।
भुगतान के लिए किसानों के दस्तावेज जमा किए जा रहे हैं।
संवाद सहयोगी, अमरोहा। हरिद्वार एक्सप्रेसवे निर्माण को लेकर अधिग्रहित की गई किसानों की भूमि के बैनामों की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसके लिए यूपीडा के भूमि अर्जन अधिकारी राकेश गुप्ता ने हसनपुर व मंडी धनौरा तहसील के प्रशासनिक व राजस्व अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बैनामे को लेकर किसानों की सहमति ली जाए। भूमि के अभिलेखों में किसी तरह का अंतर मिलने पर उसे संशोधित कराया जाए।
जिला प्रशासन ने हाल ही में सर्किल रेट के आधार पर किसानों की भूमि का अधिग्रहण किया है। अब निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने के लिए बैनामों की प्रक्रिया पूरी की जानी है।
भुगतान के लिए जमा हो रहे डॉक्यूमेंट
बुधवार को तहसील सभागार में आयोजित बैठक में भूमि अर्जन अधिकारी ने कहा कि हरिद्वार एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए दोनों तहसीलों में जिन किसानों की भूमि अधिग्रहित की गई है, उनके बैनामे कराए जाने हैं। इसके लिए संबंधित किसानों के आधार कार्ड व बैंक खातों की पासबुक की छायाप्रति प्राप्त की जाए, ताकि भुगतान की प्रक्रिया में कोई परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि जिन संपत्तियों का राजस्व अभिलेखों में सरकारी भूमि के रूप में दर्ज है, उनका बैनामा नहीं किया जाएगा। उन्होंने ग्राम समाज की भूमि, चकरोड और रास्तों सहित अन्य सार्वजनिक उपयोग की भूमि का यूपीडा के नाम पुनर्ग्रहण कराने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान एसडीएम शैलेश कुमार दुबे, एसडीएम हसनपुर हिमांशु उपाध्याय, तहसीलदार अर्जुन चौहान, तहसीलदार अजेंद्र सिंह, यूपीडा से सीताराम मौर्य सहित राजस्व निरीक्षक जबर सिंह, मनोज गौतम, अंकुल कुमार, विकास यादव और प्रदीप कुमार मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- यूपी में बनेंगे मोबाइल और लैपटॉप के चिप, यीडा की सेमीकंडक्टर यूनिट को 145.71 करोड़ देगी योगी सरकार