विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Ganga Expressway: अमरोहा के विकास को लगेंगे पंख, रोजगार संग खुशहाली लाएगा गंगा एक्सप्रेसवे

Published: Wed, 29 Apr 2026 05:39 PM (IST)

गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन हो गया है, जिससे अमरोहा सहित पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच यात्रा का समय काफी कम हो गया है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. गंगा एक्सप्रेसवे से मेरठ-प्रयागराज यात्रा समय आधा हुआ।

  2. अमरोहा के मंगरौला में औद्योगिक गलियारा बनेगा, रोजगार सृजित होंगे।

  3. एक्सप्रेसवे से किसानों, युवाओं को लाभ, समग्र विकास को गति।

संवाद सूत्र, हसनपुर। जिस घड़ी का अमरोहा जिले की जनता को लंबे समय से इंतजार चल रहा था, बुधवार को वह शुभ घड़ी आ गई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश से पूर्वी उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाला गंगा एक्सप्रेसवे प्रधानमंत्री के हरदोई से रिमोट का बटन दबाते ही चालू हो गया है। गंगा एक्सप्रेसवे से मेरठ से प्रयागराज का 12 घंटे का सफर घटकर छह घंटे हो गया है।


गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सीधा प्रसारण दिखाने के लिए जिला प्रशासन ने शानदार व्यवस्था की थी। अतिथियों के लिए शानदार मंच सजाया गया था जबकि, नेताओं और आम जनता के बैठने के लिए भी कुर्सियों की बेहतर व्यवस्था की गई थी।

12ः36 बजे प्रधानमंत्री ने जैसे ही रिमोट का बटन दबाया पंडाल तालियों से गूंज उठा। लोगों में उत्साह और उमंग के साथ खुशी की लहर दौड़ गई। उपस्थित जन ने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण देखा। गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण समारोह को देखने के लिए क्षेत्र की जनता सुबह से ही मंगरौला में कार्यक्रम स्थल पर जुटी थी। हालांकि, गंगा एक्सप्रेसवे के टोल रात को 12 बजे के बाद काम करना शुरू करेंगे। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता प्रीति चौधरी ने किया।

अमरोहा के विकास को गति देगा गंगा एक्सप्रेसवे

अमरोहा जनपद के प्रभारी मंत्री एवं गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केपी मलिक ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद बेहतर विकास होने पर उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बन गया है। मेरठ से प्रयागराज को जोड़ने वाला गंगा एक्सप्रेसवे 12 जनपद और 518 गांवों को भी जोड़ रहा है। अमरोहा जनपद की हसनपुर तहसील के मंगरौला के पास औद्योगिक कारिडोर भी जल्द बनने जा रहा है। जिससे न केवल क्षेत्र का विकास होगा बल्कि, किसानों की उन्नति और युवाओं के लिए रोजगार के सुनहरे अवसर भी प्रदान करेगा।

बेरोजगारों को रोजगार प्रदान करेगा औद्योगिक कॉरिडोर

गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि सांसद चौधरी कंवर सिंह तंवर ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे अमरोहा जिले के विकास को गति देने का काम करेगा। यहां के किसान अपनी उपज को बड़े बाजारों तक गंगा एक्सप्रेसवे पर होकर आसानी से ले जा सकेंगे। युवाओं को उच्च शिक्षा हासिल करना आसान हो जाएगा। मंगरौला के पास औद्योगिक कारिडोर भी बनेगा। जिससे बेरोजगारों को रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे।

समग्र विकास को नई गति देगा गंगा एक्सप्रेसवे

विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी ने हसनपुर विधानसभा क्षेत्र को भी गंगा एक्सप्रेसवे जैसी महत्वपूर्ण परियोजना से जोड़ने पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे न केवल यात्रा को सुगम बनाएगा, बल्कि प्रदेश में निवेश, रोजगार और समग्र विकास को भी नई गति देगा। यहां की जनता के लिए मेरठ और प्रयागराज का सफर आसान हो गया है। यहां के वकील एवं वादकारी आसानी से प्रयागराज हाईकोर्ट तक सफर कर सकेंगे।

देश और प्रदेश में हो रही धर्म की स्थापना

मंडी धनौरा के विधायक राजीव तरारा ने गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण होने पर खुशी जताते हुए कहा कि उनके पिता तोताराम इस क्षेत्र से विधायक रहे हैं। यहां गंगा एक्सप्रेसवे बनने से किसानों, नौजवानों और बेरोजगारों की उन्नति होगी। भाजपा के शासन में हम धर्म की स्थापना होते देख रहे हैं। भगवान राम, कांशी, मथुरा और कल्कि भगवान की स्थली को संवरते हुए देख रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश से गुंडागर्दी का खात्मा करने का काम किया है।

यूपी के उत्तम प्रदेश बनने का सबूत है गंगा एक्सप्रेसवे

शिक्षक विधायक डा. हरि सिंह ढिल्लो ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के उत्तम प्रदेश बनने का सबूत है। भाजपा के शासन में डबल इंजन की सरकार का विकास किसी से छिपा नहीं है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश से गुंडागर्दी व माफिया गर्दी को मिटाने का काम किया है। शिक्षा के क्षेत्र में भी सरकार ऐतिहासिक विकास कर रही है। शिक्षा का स्तर सुधारने में हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

पूर्व ब्लॉक प्रमुख बाबू जयपाल सिंह को किया याद

मंगरौला गांव में गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण समारोह के दौरान कई नेताओं ने मंच से मंगरौला निवासी पूर्व ब्लाक प्रमुख स्वर्गीय बाबू जयपाल सिंह का नाम लेकर उन्हें याद किया। सांसद चौधरी कंवर सिंह तंवर तथा विधायक राजीव तरारा ने कहा कि बाबू जयपाल सिंह लंबे समय तक गंगेश्वरी के ब्लाक प्रमुख रहे। वह वास्तव में विकास पुरूष थे, आज उन्हीं की जन्म स्थली में गंगा एक्सप्रेसवे बना है।

मंच पर यह नेता और अधिकारी रहे मौजूद

गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण कार्यक्रम में मंच पर प्रभारी मंत्री केपी मलिक, सांसद कंवर सिंह तंवर, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय गिरि गोस्वामी, विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी, विधायक राजीव तरारा, एमएलसी सत्यपाल सैनी, एमएलसी डा. हरि सिंह ढिल्लो, रालोद जिलाध्यक्ष सचिन चौधरी, मंडलायुक्त आंजनेय कुमार, जिलाधिकारी नितिन गौड़, पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव, अपर जिलाधिकारी गरिमा सिंह, सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्रा, एसडीएम हिमांशु उपाध्याय समेत जनपद भर के आला अधिकारी मौजूद रहे।

पंडाल में यह नेता रहे मौजूद

पूर्व विधायक हरपाल सिंह, पूर्व विधायक तोताराम, उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व सदस्य चंद्रपाल खड़गवंशी, भाजपा के जिला उपाध्यक्ष अभिनव कौशिक, हिमांशु त्यागी, हसनपुर नगर पालिका अध्यक्ष राजपाल सैनी, अमरोहा नगर पालिका अध्यक्ष शशि जैन, ब्लाक प्रमुख ममता गुर्जर, मुदित गुर्जर, वरिष्ठ भाजपा नेता प्रमोद त्यागी, निदेशक सत्येंद्र त्यागी, मनोज शर्मा, मंडल अध्यक्ष राजू राणा, राजीव शुक्ला, सुरेंद्र लोहिया, रामचंद्र सिंह गुर्जर, सतीश अग्रवाल, सुरमित गुप्ता, हेमराज गुर्जर आदि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- Ganga Expressway बनेगा UP का 'ग्रोथ इंजन', ₹1 लाख करोड़ बढ़ेगी GDP; 3 लाख युवाओं को नौकरी!

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।