पेंशनर्स के लिए जरूरी खबर! आईएफएससी कोड की गलती से रद्द हुए 346 डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र, ऐसे करें सुधार
अमरोहा में 6000 पेंशनर्स में से 346 डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र आवेदन आईएफएससी कोड की गलती और अधूरी जानकारी के कारण निरस्त हो गए हैं।

एआई इमेज
HighLights
डेढ़ माह में केवल 1856 पेंशनर्स के बने डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र
छह हजार पेंशनधारकों में जागरुकता का अभाव
जागरण संवाददाता, अमरोहा। जिले में डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया रफ्तार नहीं पकड़ पा रही है। डेढ़ माह बीतने के बाद भी करीब छह हजार पेंशनधारकों में से केवल 1856 के ही डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बन सके हैं, जबकि 346 पेंशनर्स के आवेदन निरस्त हो गए हैं। आवेदन निरस्त होने की प्रमुख वजह बैंकों के आइएफएससी कोड में बदलाव और जानकारियों का अधूरा होना बताया जा रहा है।
बैंक मर्जर के चलते कई शाखाओं के आइएफएससी कोड बदल गए हैं। ऐसे में पेंशनर्स को नए कोड के साथ दोबारा आवेदन करने के लिए कहा जा रहा है।
डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने को लेकर जागरुकता का भी अभाव दिखाई दे रहा है। डाक विभाग और बैंकों की ओर से पेंशनर्स को अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पा रहा है।
इस समस्या को देखते हुए प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया तेज करने के लिए 27 नवंबर को कलक्ट्रेट परिसर स्थित कक्ष में पेंशनर्स की बैठक बुलाई गई है। इसमें उन्हें आवेदन करने का तरीका समझाने के साथ ही आने वाली समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
जिले में करीब छह हजार लोग पेंशन और पारिवारिक पेंशन का लाभ ले रहे हैं। सरकार की ओर से अक्टूबर माह से राष्ट्रीय डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान चलाया जा रहा है।
पांच नवंबर को विशेष अभियान दिवस के तहत सभी डाकघरों और बैंकों में शिविर लगाकर पेंशनर्स को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने में सहयोग किया गया था। इसके बावजूद अभियान अपेक्षित गति नहीं पकड़ सका।
पेंशनर्स का आनलाइन आवेदन कराने में बैंक और डाक विभाग के कर्मचारियों को सहयोग करना था, लेकिन इस दिशा में अपेक्षित प्रयास नहीं हो पा रहे हैं।
वरिष्ठ कोषाधिकारी अशोक राव गौतम ने बताया कि अक्टूबर से अब तक 1856 पेंशनर्स के डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बन चुके हैं। वहीं, 346 आवेदन बैंकों के आइएफएससी कोड और अन्य जानकारियां अधूरी होने के कारण निरस्त हुए हैं।
बैंक कर्मियों और डाक विभाग के अधिकारियों को पेंशनर्स की मदद करने के लिए पत्र जारी किया गया है। कोषागार में भी पेंशनर्स के आनलाइन आवेदन कराए जा रहे हैं।
स्मार्टफोन नहीं तो यहां से लें मदद
जिन पेंशनर्स के पास स्मार्टफोन नहीं है, वे बैंक शाखा, डाकघर अथवा जनसेवा केंद्र (सीएससी) के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवा सकते हैं।
वृद्ध, अस्वस्थ और दिव्यांग पेंशनर्स, जो बैंक या कोषागार आने में असमर्थ हैं, उनके लिए घर बैठे मोबाइल एप के माध्यम से फेस सत्यापन कर प्रमाण पत्र बनाने की सुविधा उपलब्ध है।
इसके लिए पेंशनर्स उमंग एप, जीवन प्रमाण एप और आधार फेस आरडी एप का इस्तेमाल कर सकते हैं। किसी तरह की परेशानी होने पर मोबाइल नंबर 8765923848 पर संपर्क किया जा सकता है।
डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने के लिए पेंशनर्स को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। 27 नवंबर को फिर बैठक बुलाई गई है। इसमें आवेदन भरने की प्रक्रिया समझाई जाएगी, जिससे अधिक से अधिक पेंशनर्स अपने प्रमाण पत्र बनवा सकें।
- अनूप सिंह पैसल, अध्यक्ष, सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन।
यह भी पढ़ें- तिगरी मेले में व्यस्त रहे आला अफसर, उधर रात भर जाम से कराहता रहा अमरोहा; नो-एंट्री खुलते ही थम गए वाहनों के पहिये