Delhi-Lucknow Highway Traffic Alert: 22 से 25 नवंबर तक बंद रहेंगे कई रास्ते, सफर से पहले देख लें नया रूट चार्ट
अमरोहा में तिगरी गंगा मेले के कारण 22 से 25 नवंबर तक दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए भारी और हल्के वाहनों के लिए अलग-अलग रूट डायवर्जन प्लान लागू रहेगा।

एआई इमेज
HighLights
दिल्ली, गाजियाबाद, बरेली, मुरादाबाद और रामपुर जाने वाले वाहनों के लिए तय किए वैकल्पिक रास्ते
जागरण संवाददाता, अमरोहा। तिगरी गंगा मेले में कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया है। 22 नवंबर से दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा।
भारी वाहनों के साथ ही हल्के वाहनों के लिए भी अलग-अलग डायवर्जन लागू रहेगा। दिल्ली, गाजियाबाद, बरेली, मुरादाबाद और रामपुर की ओर जाने वाले वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा।
यातायात प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया गजरौला से कुमराला चौकी, पक्का पुल और तिगरी चेकपोस्ट होकर मेला पहुंचने वाले मार्ग पर विशेष यातायात व्यवस्था रहेगी।
गजरौला, धनौरा और बछरायूं की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन कुमराला, पक्का पुल और तिगरी चेकपोस्ट होते हुए ढाल नंबर चार और पांच से मेला परिसर में प्रवेश करेंगे।

वहीं, कांकाठेर और मोहम्मदाबाद की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को एनएच-9 पर ओसीता अंडरपास और कांकाठेर अंडरपास से डायवर्ट किया जाएगा।
इन वाहनों को ढाल नंबर छह से मेला क्षेत्र में प्रवेश मिलेगा। कांकाठेर मार्ग संकरा होने के कारण यहां जाम की आशंका को देखते हुए विशेष यातायात प्रबंधन किया जाएगा।
मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन गजरौला, इंदिरा चौक और कुमराला पक्का पुल होते हुए निर्धारित पार्किंग स्थलों तक पहुंचेंगे। गंगा स्नान के बाद वाहनों को तिगरी-मोहम्मदाबाद मार्ग से मोहम्मदाबाद और कांकाठेर होते हुए हाईवे पर निकाला जाएगा।
भारी और हल्के वाहनों के लिए अलग-अलग समय तय
यातायात पुलिस के अनुसार निजी और रोडवेज बसों, ट्रकों, डंपरों, ट्रैक्टर-ट्रालियों समेत भारी व्यावसायिक वाहनों का डायवर्जन 22 नवंबर सुबह आठ बजे से 25 नवंबर रात आठ बजे तक लागू रहेगा।
वहीं जीप, कार, पिकअप और छोटा हाथी जैसे हल्के वाहनों के लिए 23 नवंबर सुबह आठ बजे से 25 नवंबर दोपहर 12 बजे तक डायवर्जन प्रभावी रहेगा। हाईवे पर 23 और 24 नवंबर को आवश्यकता के अनुसार जीरो ट्रैफिक प्लान भी लागू किया जाएगा।