चंद्रशेखर ने सीएम योगी को दी चुनौती, कहा- हिम्मत है तो बिजनौर से लड़ें चुनाव… छोड़ दूंगा राजनीति
नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने हसनपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बिजनौर से चुनाव लड़ने की चुनौती दी है।

HighLights
चंद्रशेखर आजाद ने सीएम योगी को बिजनौर से चुनाव लड़ने की चुनौती।
हारने पर राजनीति छोड़ने का ऐलान, बैलेट पेपर से चुनाव की शर्त।
शिक्षा, बेरोजगारी, गन्ना भुगतान जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा।
जागरण संवाददाता, हसनपुर। आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने रविवार को हसनपुर के अल अमीन अब्दुल्ला इंटर कॉलेज के मैदान में 42 हसनपुर विधानसभा से पार्टी के प्रभारी शाहनवाज चौधरी के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। एक घंटे के भाषण में उन्होंने विकास, शिक्षा, बेरोजगारी, गन्ना भुगतान न होने, सड़कों की हालत खराब होने जैसे मुद्दों को उठाया।
सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा, 'मैंने 2022 में उनके गृह जनपद गोरखपुर जाकर चुनाव लड़ा था, मेरी जमानत जब्त हुई थी, लेकिन इस मंच से मैं मुख्यमंत्री को चुनौती देता हूं कि उनमें हिम्मत है तो बिजनौर की किसी भी विधानसभा सीट से आकर बैलेट पेपर से चुनाव कराकर मुझसे चुनाव लड़ लें, यहां से हराकर नहीं भेजा तो राजनीति छोड़ दूंगा'।
पांच किलो राशन नहीं बच्चों को पढ़ाई चाहिए
कहा कि सरकार ने प्रदेश में 20 हजार स्कूल बंद करके शराब की दुकान खोलने का काम किया है। हम सत्ता में आएंगे तो कक्षा एक से 12 तक की शिक्षा मुफ्त और स्कूलों की हालात सुधारेंगे। जनता को पांच किलो राशन नहीं बच्चों को पढ़ाई चाहिए। पांच किलो राशन इसलिए दिया जा रहा है कि पढ़ लिखकर हमारे बच्चे सरकार से सवाल नहीं कर सकें।
उन्होंने कहा कि यह सरकार भ्रष्टाचार की जननी है। बाबा का बुलडोजर केवल विरोधियों के घरों पर चल रहा है। हम बुलडोजर के समर्थक नहीं है संविधान और कानून में विश्वास रखते हैं। सरकार में शामिल गुंडों का इलाज सरकार बदलने पर हम करेंगे। हमें अपने वोट के अधिकार को समझदारी से प्रयोग करके व्यवस्था को बदलना है।
लखनऊ में एतिहासिक रैली करने की घोषणा
मंच से उन्होंने भाजपा के बढ़ापुर से विधायक के यहां रामू कश्यप और गौतम को बेरहमी से पीटने और सरकार के दबाव में कार्रवाई तक नहीं होने पर भी सवाल खड़े किए।
26 नवंबर को संविधान दिवस पर लखनऊ में एतिहासिक रैली करने की घोषणा करते हुए लोगों से उसमें पहुंचने की अपील की। जनसभा के आयोजन विधानसभा प्रभारी शाहनवाज चौधरी ने विधानसभा क्षेत्र के कोने-कोने से आई जनता का आभार प्रकट किया।
मीडिया कर्मी को नजदीक आते देख भड़के चंद्रशेखर
एक इलेक्ट्रानिक मीडिया कर्मी को मंच पर अपने नजदीक आते देखकर चंद्रशेखर आजाद भड़क गए। बोले अतीक और अशरफ को मीडिया कर्मी बनकर आए लोगों ने ही मार डाला था। इसके बाद मंच पर मौजूद उनके वालंटियर ने मीडियाकर्मी को मंच से नीचे उतार दिया।
