'हरियाणा पुलिस ने टार्चर कर मार डाला...' बेटे का शव देख बिलख पड़े पिता, डकैती केस में हुई थी गिरफ्तारी
फरीदाबाद डकैती मामले में गिरफ्तार रेहान की जेल में मौत हो गई, जिसके बाद पिता ने हरियाणा पुलिस पर प्रताड़ित ...और पढ़ें

रेहान का फाइल फोटो और मौत के बाद लगी भीड़ स्रोत स्वजन
HighLights
13 नवंबर को जेल में बिगड़ी थी रेहान की हालत, एम्स में उपचार के दौरान हुई मौत
22 माह से जेल में बंद भाई नाजिम पैरोल पर आया, पुलिस कस्टडी में हुआ अंतिम संस्कार में शामिल
संवाद सूत्र, पतेई खादर (अमरोहा)। हरियाणा में एक करोड़ रुपये से अधिक की डकैती के मामले में गिरफ्तार किए गए रहरा के गांव जयतौली निवासी 23 वर्षीय रेहान की जेल में मौत हो गई। 13 नवंबर को उसकी मौत की सूचना मिलने के बाद से परिवार में मातम पसरा है। सोमवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो स्वजन में चीख-पुकार मच गई।
बेटे का शव देखते ही पिता सत्तार अहमद का दर्द छलक उठा। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा पुलिस ने उनके बेटे को प्रताड़ित कर मार डाला। कई दिनों तक हिरासत में रखकर उसके साथ मारपीट की गई।
हरियाणा के फरीदाबाद जिले के धौज थाना क्षेत्र के गांव फत्तेपुर तगा निवासी एक पूर्व सरपंच के घर में एक करोड़ रुपये से अधिक की डकैती हुई थी।
मामले में फरीदाबाद क्राइम ब्रांच की टीम 18 अक्टूबर को रहरा थाने में आमद दर्ज कराने के बाद गांव जयतौली पहुंची थी और रेहान को अपने साथ ले गई थी।
पिता सत्तार अहमद का आरोप है कि पुलिस ने उनके बेटे को आर्म्स एक्ट के मामले में जेल भेज दिया था। इसके बाद दो नवंबर को उसे रिमांड पर लिया। चार दिन तक उसे प्रताड़ित किया गया, जिससे उसके पेट, आंतरिक अंगों और पैरों में गंभीर चोटें आईं।
छह नवंबर को उसे दोबारा जेल भेज दिया गया। बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे उन्हें सूचना मिली कि जेल में रेहान की तबीयत बिगड़ गई है और उसे उपचार के लिए एम्स ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही परिवार के लोग वहां पहुंचे, लेकिन तब तक रेहान की मौत हो चुकी थी। रेहान चार भाइयों और पांच बहनों में तीसरे नंबर का था। मंगलवार को उसका शव सिपुर्दे खाक कर दिया गया।
रेहान पर हत्या, गैंगस्टर और डकैती के तीन मुकदमे
हसनपुर। रहरा पुलिस के अनुसार, रेहान के खिलाफ रहरा थाने में हत्या और गैंगस्टर के मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के अन्य थानों में उसका कोई आपराधिक इतिहास नहीं बताया गया है।
वहीं, हरियाणा के फरीदाबाद में उसके खिलाफ डकैती का एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी है। 20 जनवरी 2025 को गांव जयतौली की ग्राम प्रधान नीतू उर्फ समा के ममेरे ससुर इशरत अली की दिनदहाड़े हत्या हुई थी।
मामले में रेहान और उसके बड़े भाई पूर्व प्रधान पति नाजिम आरोपित थे। रेहान जमानत पर जेल से बाहर आ गया था, जबकि नाजिम अन्य मुकदमों के चलते बुलंदशहर जेल में बंद है।
भाई के दफन में शामिल होने के लिए पैरोल पर आया नाजिम
करीब 22 महीने से बुलंदशहर जेल में बंद पूर्व प्रधान पति नाजिम को छोटे भाई रेहान के दफन में शामिल होने के लिए पैरोल मिली। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस कस्टडी में उसे जेल से गांव लाया गया।
भाई के दफन में शामिल होने के बाद पुलिस उसे वापस जेल ले गई। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2021 में हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में अनुसूचित जाति की महिला के लिए आरक्षित जयतौली ग्राम प्रधान पद पर नाजिम की पत्नी रजनी निर्वाचित हुई थीं।
चुनाव के करीब दो वर्ष बाद बीमारी के चलते उनकी मृत्यु हो गई। इसके बाद हुए उपचुनाव में इशरत अली के भांजे की पत्नी नीतू उर्फ समा ग्राम प्रधान निर्वाचित हुई थीं। बताया जाता है कि ग्राम प्रधानी का संचालन इशरत अली ही करते थे।
रजनी की मृत्यु के बाद उनके अंतिम संस्कार को लेकर हुए विवाद और चुनावी रंजिश को इशरत अली की हत्या की वजह बताया गया था। मामले में नाजिम को मुख्य आरोपित बनाया गया था।
यह भी पढ़ें- हरिद्वार गंगा एक्सप्रेस-वे: अमरोहा के किसानों को सर्किल रेट से चार गुणा अधिक मिलेगा मुआवजा, लखनऊ भेजा प्रस्ताव
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।