विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Wedding Season 2026: शादी के बाजार में 'फरसी लहंगे' और 'लो-ऑयल मेन्यू' की धूम, जानें इस बार क्या है नया ट्रेंड

Published: Tue, 24 Nov 2026 03:59 PM (IST)

देवोत्थान एकादशी के बाद अमरोहा में शादी का बाजार गुलजार हो गया है, जहां खरीदारी से लेकर खानपान तक में आधुनिकता और परंपरा का मेल दिख रहा है। लोग कपड़ों, आभूषणों, फर्नीचर और होटल बुकिंग में नए विकल्प तलाश रहे हैं।

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. कपड़ों, जेवर, फर्नीचर से लेकर वैंक्वेट हाल के लिए बुकिंग में जुटे लोग

जागरण संवाददाता, अमरोहा। देवोत्थान एकादशी के बाद शादी-विवाह का सीजन शुरू हो गया। इससे बाजारों में रौनक बढ़ गई है। शादी की तैयारियों में जुटे परिवार कपड़ों, आभूषणों, फर्नीचर, होटल, बैंक्वेट हॉल और खानपान की बुकिंग में लगे हैं। अबकी बार शादियों में परंपरा के साथ आधुनिकता का मेल देखने को मिल रहा है।

आयोजन को यादगार बनाने के लिए लोग बजट के अनुसार नए-नए विकल्प तलाश रहे हैं। शादी के खानपान में भी बदलाव देखने को मिल रहा है।

बदला भोजन का ट्रेंड

मिठाई में पारंपरिक लड्डू, गुलाब जामुन, रसगुल्ला के साथ ड्राई फ्रूट मिठाइयों, चाकलेट, कस्टमाइज्ड डेजर्ट और छोटे-छोटे स्वीट काउंटर का चलन बढ़ा है। स्टार्टर में पनीर टिक्का, पास्ता, चाट, सूप और विभिन्न प्रकार के स्नैक्स पसंद किए जा रहे हैं।

वहीं, भोजन में स्वाद के साथ सेहत का ध्यान रखते हुए कम तेल, हल्के व्यंजन और सलाद को भी मेन्यू में शामिल किया जा रहा है। फर्नीचर बाजार में आधुनिक डिजाइन के सोफा सेट, डाइनिंग टेबल, बेड, अलमारी और माड्यूलर फर्नीचर की मांग बनी हुई है।

पारंपरिक और आधुनिक परिधानों का मिश्रण आ रहा पसंद

दूल्हा-दुल्हन के लिए पारंपरिक और आधुनिक परिधानों का मिश्रण पसंद किया जा रहा है। विशाल गोयल ने कहा कि दुल्हन के लिए लहंगे, डिजाइनर साड़ी और हल्के कढ़ाई वाले परिधान, जबकि दूल्हे के लिए शेरवानी, इंडो-वेस्टर्न सूट और डिजाइनर कुर्ते बाजार में उपलब्ध हैं।

उन्होंने बताया कि महिलाएं रेडीमेड यूज साड़ी, फरसी लहंगा और टीसू लहंगे की सबसे अधिक मांग हो रही है। नवीन कुमार गोले का कहना है कि दूल्हे जौधपुरी कोट-पेंट, इंडोंवेस्टर्न कुर्ता पायजामा अधिक पसंद कर रहे हैं।

वहीं, दूल्हे के भाइयों और युवाओं के लिए बंदगला, थ्री पीस सूट और स्टाइलिश कुर्ता-पायजामा आकर्षण बने हुए हैं। गौरव चौधरी ने बताया कि होटल और विवाह भवनों में सजावट, खानपान, कमरे, फोटो शूट और अन्य सुविधाओं को मिलाकर पैकेज दिए जा रहे हैं।

कीमत अधिक तो हल्के डिजाइन भा रहे

कुछ आयोजक डेस्टिनेशन वेडिंग के विकल्प भी तलाश रहे हैं, हालांकि स्थानीय विवाह भवनों में पारंपरिक समारोहों की मांग भी बनी हुई है। नितिन शंकर अग्रवाल ने बताया कि सर्राफा बाजार में सोने के आभूषण शादी की खरीदारी का प्रमुख हिस्सा हैं।

हालांकि कीमतों को देखते हुए हल्के डिजाइन, डायमंड ज्वेलरी, चांदी के आभूषण और आर्टिफिशियल ज्वेलरी की ओर भी लोगों का रुझान है। उन्होंने कहा कि सोना-चांदी के भाव करने गिरने से करीब 20 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है।

उधर शादी के बाद घूमने के लिए हनीमून पैकेज, होटल बुकिंग और पर्यटन स्थलों के ऑफर भी युवाओं को आकर्षित कर रहे हैं। कुल मिलाकर शादी का बाजार परंपरागत रस्मों के साथ नए ट्रेंड और सुविधाओं के सहारे सज गया है।

यह भी पढ़ें- अमरोहा में बड़ी कार्रवाई: कागजों में चल रहे थे 25 मदरसे, विभाग ने बंद किए यू-डायस कोड; अब मान्यता पर भी लटकी तलवार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।