अमरोहा में बड़ी कार्रवाई: कागजों में चल रहे थे 25 मदरसे, विभाग ने बंद किए यू-डायस कोड; अब मान्यता पर भी लटकी तलवार
अमरोहा में कागजों पर चल रहे 25 मदरसों के यू-डायस कोड बंद कर दिए गए हैं, जहां जांच में न तो छात्र मिले और न ही शिक्षण कार्य हो रहा था। इन मदरसों की मान्यता समाप्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।

एआई इमेज
HighLights
जांच में बंद मिले थे मदरसे, छात्र-छात्राओं की प्रविष्टियां भी नहीं की थीं अपडेट
बेसिक शिक्षा विभाग ने की कार्रवाई, 480 मान्यता प्राप्त मदरसों की जांच अभी जारी
जागरण संवाददाता, अमरोहा। जनपद में कागजों में संचालित हो रहे 25 मदरसों पर विभाग ने कार्रवाई की है। जांच के दौरान इन मदरसों में शिक्षण कार्य बंद मिला था और वहां कोई छात्र-छात्रा भी पंजीकृत नहीं पाया गया। इतना ही नहीं, एक साल से इनके यू-डायस पोर्टल पर विद्यार्थियों की प्रविष्टियां भी अपडेट नहीं की गई थीं।
अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की संस्तुति पर बेसिक शिक्षा विभाग ने इन सभी मदरसों के यू-डायस कोड बंद कर दिए हैं। जांच पूरी होने के बाद इनकी मान्यता समाप्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
जनपद में कुल 485 मदरसे पंजीकृत हैं। इनमें पांच अनुदानित और 480 मान्यता प्राप्त मदरसे हैं। मान्यता प्राप्त मदरसों में करीब 2,350 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं।
विभाग की ओर से प्रत्येक वर्ष यू-डायस पोर्टल पर मदरसों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के नामांकन समेत अन्य जानकारियां अपडेट कराई जाती हैं। इसी दौरान जुलाई में विभाग के संज्ञान में आया कि कुछ मदरसे विद्यार्थियों की प्रविष्टियां अपडेट नहीं कर रहे हैं।
इसके बाद अगस्त में विभाग ने तीन कर्मचारियों और अनुदानित मदरसों के 21 सहायक अध्यापकों को जांच की जिम्मेदारी सौंपी। सितंबर तक 210 मदरसों की जांच पूरी हुई तो इनमें से 25 मदरसे बंद मिले।
इन मदरसों में न तो शिक्षण कार्य हो रहा था और न ही कोई छात्र-छात्रा पढ़ाई करता मिला। जांच में सामने आया कि इनका संचालन केवल कागजों में हो रहा था।
इसके बाद अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने इनके यू-डायस कोड बंद करने की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट जिला बेसिक शिक्षा विभाग को भेज दी। इस पर कार्रवाई करते हुए कोड बंद कर दिए गए।
दूसरे मदरसों और परिषदीय स्कूलों में पहुंचे बच्चे
जांच में सामने आया कि बंद मिले 25 मदरसों में पढ़ने वाले 200 से अधिक छात्र-छात्राओं के अभिभावकों ने उनका दाखिला दूसरे मदरसों और परिषदीय स्कूलों में करा दिया है। इसी वजह से इन मदरसों में अब कोई विद्यार्थी नहीं मिला। फिलहाल ये मदरसे पूरी तरह बंद हैं।
क्या होता है यू-डायस कोड
यू-डायस कोड प्रत्येक मान्यता प्राप्त स्कूल और मदरसे को दिया जाने वाला विशिष्ट पहचान नंबर होता है। इसके माध्यम से संबंधित शिक्षण संस्थान की पहचान और विद्यार्थियों की संख्या का रिकॉर्ड रखा जाता है।
इसके अलावा शिक्षकों की संख्या, कक्षों, शौचालय, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं की जानकारी भी पोर्टल पर दर्ज होती है। शिक्षा विभाग की योजनाओं, सरकारी आंकड़ों और संस्थानों की शैक्षिक गतिविधियों की निगरानी के लिए भी यह कोड महत्वपूर्ण होता है।
जिन मदरसों में बच्चे नहीं पाए गए थे, उनके यू-डायस कोड बेसिक शिक्षा विभाग ने बंद कर दिए हैं। यदि वहां दोबारा बच्चों का प्रवेश नहीं होता है तो उनकी मान्यता समाप्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी। फिलहाल अन्य मदरसों की जांच जारी है।
- नौशाद हुसैन, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।