विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब सिर्फ भाषा का ज्ञान काफी नहीं, वक्फ मुतवल्ली बनने को चाहिए स्नातक डिग्री; 300 से ज्यादा के सामने खड़ी हुई चुनौती

Published: Mon, 23 Nov 2026 03:08 PM (IST)

अमरोहा में वक्फ मुतवल्ली बनने के लिए अब स्नातक डिग्री अनिवार्य कर दी गई है, जिससे 300 से अधिक मौजूदा मुतवल्लियों के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है। पहले केवल हिंदी, उर्दू और अंग्रेजी का ज्ञान ही पात्रता का आधार था।

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. वक्फ संपत्तियों की आय और प्रबंधन का ब्योरा स्थानीय विभाग के पास नहीं

जागरण संवाददाता, अमरोहा। जिले में 300 से अधिक वक्फ संपत्तियों के मुतवल्लियों के पास स्नातक की डिग्री नहीं है। अब तक हिंदी, उर्दू और अंग्रेजी का ज्ञान रखने तथा निर्धारित शर्तें पूरी करने पर मुतवल्ली की जिम्मेदारी मिल जाती थी। सरकार की ओर से मुतवल्ली बनने के लिए स्नातक की डिग्री अनिवार्य किए जाने से ऐसे मुतवल्लियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

दूसरी ओर, वक्फ संपत्तियों से होने वाली आय और उनके प्रबंधन का पूरा ब्योरा जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के पास उपलब्ध नहीं है। इसका रिकार्ड सीधे वक्फ बोर्ड के पास रहता है।

जिले में कुल 2,796 वक्फ संपत्तियां दर्ज हैं। इनमें 1,799 सुन्नी वक्फ बोर्ड और 997 शिया वक्फ बोर्ड के अधीन हैं। इनकी देखरेख मुतवल्ली करते हैं। संपत्तियों में मस्जिद, कब्रिस्तान, ईदगाह, दरगाह, दुकानें और कृषि भूमि शामिल हैं।

इनका प्रबंधन और आय का हिसाब मुतवल्ली तथा संबंधित वक्फ बोर्ड रखते हैं। विभागीय अधिकारी करीब 80 संपत्तियों से आय होने का अनुमान लगा रहे हैं, लेकिन इसका विस्तृत रिकार्ड उनके पास नहीं है।

मुतवल्लियों को आय का लेखा-जोखा वक्फ बोर्ड में प्रस्तुत करना होता है और तीन साल के अंतराल पर आडिट कराया जाता है। संपत्तियों पर कब्जे और उनसे संबंधित कार्रवाई का ब्योरा भी बोर्ड के पास रहता है।

विवाद या शिकायत होने पर ही स्थानीय विभाग को जानकारी दी जाती है। अब तक मुतवल्ली बनने की प्रमुख योग्यताओं में हिंदी, उर्दू और अंग्रेजी का ज्ञान शामिल था।

उम्र, नागरिकता और अन्य निर्धारित शर्तें भी पूरी करनी होती थीं। स्नातक डिग्री अनिवार्य होने से इस योग्यता से वंचित मुतवल्लियों के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है।

अब तक छह बिंदुओं पर तय होती थी पात्रता

वक्फ नियमावली के नियम-3 के उपनियम-3 के तहत वक्फ प्रबंध समिति और मुतवल्ली की पात्रता का सत्यापन जिलाधिकारी, अपर सर्वेक्षण आयुक्त अथवा सहायक सर्वेक्षण आयुक्त की ओर से किया जाता था। इसके लिए छह बिंदु निर्धारित थे।

  • 25 वर्ष की आयु प्राप्त कर ली हो, भारत का नागरिक हो।
  • हिंदी, उर्दू और अंग्रेजी का ज्ञान रखता हो।
  • वक्फ विधि का ज्ञान धारित करना होगा।
  • विकृत चित का नहीं होना चाहिए।
  • नैतिक उद्यमता सहित किसी अपराध के लिए सिद्धदोष नहीं होना चाहिए।
  • अन्न्मोचित दिवालिया नहीं होना चाहिए।

छह वक्फ संपत्तियों को लेकर विवाद

जिले में वक्फ संपत्तियों से जुड़े छह मामले विचाराधीन हैं। जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग इनकी जांच कर रहा है। शिकायतों के आधार पर विवाद सामने आए हैं। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

वक्फ संपत्तियों की आय और उन पर की गई कार्रवाई का ब्योरा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध नहीं रहता। इसका रिकार्ड वक्फ बोर्ड के पास होता है। अब मुतवल्लियों की पात्रता की जांच जिलाधिकारी और सहायक सर्वेक्षण आयुक्त के स्तर पर की जा रही है। पहले मुतवल्ली बनने के लिए स्नातक डिग्री अनिवार्य नहीं थी।

- नौशाद हुसैन, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, अमरोहा।


यह भी पढ़ें- अमरोहा में बड़ी कार्रवाई: कागजों में चल रहे थे 25 मदरसे, विभाग ने बंद किए यू-डायस कोड; अब मान्यता पर भी लटकी तलवार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।