विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमरोहा में दिल दहलाने वाला हादसा: रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आया परिवार, 5 साल के मासूम की मौत; मां की हालत नाजुक

Published: Wed, 25 Nov 2026 08:25 PM (IST)

अमरोहा के फतेहपुर छितरा गांव के पास ट्रेन की चपेट में आने से पांच वर्षीय मासूम की मौत हो गई। हादसे में मां गंभीर रूप से घायल हो गईं और छोटी बहन को भी चोटें आईं।

मृतक अबुसाद का फाइल फोटो। स्रोत स्वजन

मृतक अबुसाद का फाइल फोटो। स्रोत स्वजन

HighLights

  1. स्वजन ने घरेलू विवाद से किया इन्कार, लिखित सहमति मिलने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंपा

संवाद सूत्र, बछरायूं (अमरोहा)। गांव फतेहपुर छितरा के पास बुधवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से पांच वर्षीय मासूम अबुसाद की मौत हो गई, जबकि उसकी मां मुस्कान और दो वर्षीय बहन परी घायल हो गईं। हादसे में गंभीर रूप से घायल मुस्कान को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, जबकि उपचार के बाद परी को घर भेज दिया गया। थानाध्यक्ष अतरवीर चौहान ने बताया कि स्वजन की लिखित सहमति पर बच्चे के शव का पंचनामा भरकर उन्हें सौंप दिया।

गांव निवासी अफसर के बेटे साहिल की शादी करीब सात वर्ष पहले बिजनौर के चांदपुर थाना क्षेत्र के गांव पैजनिया निवासी मुस्कान के साथ हुई थी। बुधवार को साहिल अपने पिता के साथ हसनपुर क्षेत्र में ट्रैक्टर खरीदने गया था। घर पर उसकी मां और पत्नी मुस्कान मौजूद थीं।

बताया जाता है कि दोपहर करीब डेढ़ बजे मुस्कान अपने पांच वर्षीय बेटे अबुसाद और दो वर्षीय बेटी परी के साथ रेलवे ट्रैक के पास पहुंच गई। इसी दौरान नजीबाबाद पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से अबुसाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मुस्कान गंभीर रूप से घायल हो गई।

परी के सिर में भी चोट आई। हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने बच्चे के शव का पंचनामा भरने की कार्रवाई की।

स्वजन ने किसी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं कराने की लिखित सहमति दी, जिसके बाद शव उन्हें सौंप दिया गया। स्वजन का कहना है कि मां अपने बच्चों के साथ रेलवे ट्रैक पार कर रही थी, तभी ट्रेन आ गई और हादसा हो गया। उन्होंने किसी भी तरह के घरेलू विवाद से इन्कार किया है।

हादसे के बाद चार मिनट तक ट्रैक पर खड़ी रही ट्रेन

गांव फतेहपुर छितरा के पास हादसे के बाद नजीबाबाद से गजरौला होते हुए मुरादाबाद जाने वाली पैसेंजर ट्रेन संख्या 54382 करीब चार मिनट तक रेलवे ट्रैक पर खड़ी रही।

स्टेशन मास्टर केएल कश्यप ने बताया कि हादसे की सूचना कंट्रोल रूम को दी गई थी। आवश्यक जानकारी देने के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया। हादसे के चलते कुछ देर तक रेल संचालन प्रभावित रहा।

यह भी पढ़ें- अमरोहा में बड़ी कार्रवाई: कागजों में चल रहे थे 25 मदरसे, विभाग ने बंद किए यू-डायस कोड; अब मान्यता पर भी लटकी तलवार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।