तिगरी मेला: गंगा नदी पर पांटून पुल का निर्माण तेज, महापुरुषों के नाम पर सजे घाट
अमरोहा में तिगरी गंगा मेले की तैयारियां जोरों पर हैं, जहां श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गंगा पर पांटून पुल का निर्माण तेजी से हो रहा है।

तिगरी मेला कोतवाली में लगा गुब्बारा और तिगरी मेले में पाटूंन पुल तैयार करते श्रमिक
HighLights
गंगा में श्रद्धालुओं के लिए पांटून पुल निर्माण तेजी से जारी।
मेले के घाटों को महापुरुषों के नाम से किया गया है सुसज्जित।
श्रीकृष्ण, श्रीराम घाट सहित कई नाम श्रद्धालुओं का आकर्षण बढ़ा रहे।
संवाद सहयोगी, अमरोहा। तिगरी गंगा मेले की तारीख नजदीक आते ही प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए गंगा में पांटून पुल निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके तहत पीपे क्रेन की मदद से गंगा के पानी में उतारे जा रहे हैं, ताकि समय रहते पुल तैयार किया जा सके।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री द्वारा दोनों मेलों को एकीकृत करने की घोषणा की गई थी। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को दोनों मेलों का आनंद एक साथ उपलब्ध कराना है। इसी घोषणा को अमलीजामा पहनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
पांटून पुल बनने से श्रद्धालुओं को एक मेले से दूसरे मेले तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी। मेला नजदीक होने के चलते संबंधित विभागों ने निर्माण कार्य में तेजी ला दी है। प्रशासन का प्रयास है कि मेला शुरू होने से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं।
महापुरुषों के नाम से सजे तिगरी मेले के घाट, सनातन संस्कृति की दिखी झलक
तिगरी गंगा मेले में इस बार घाटों को महापुरुषों और आदर्श व्यक्तित्वों के नाम से सजाया गया है। मेले में विभिन्न घाटों पर विशेष दरबार लगाकर उनके नामकरण किए गए हैं। इन घाटों के नाम भारतीय संस्कृति, गौरवशाली इतिहास और महापुरुषों के सम्मान को समर्पित हैं।
मेले में श्रीकृष्ण घाट, श्रीराम घाट, किसान घाट, महात्मा ज्योतिबा फुले घाट और महर्षि वाल्मीकि घाट सहित कई घाट महापुरुषों के नाम पर बनाए गए हैं। घाटों पर लिखे इन नामों को देखकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और श्रद्धा का भाव देखने को मिल रहा है।
आयोजकों की इस पहल से जहां महापुरुषों के आदर्शों और उनके योगदान को सम्मान मिल रहा है, वहीं नई पीढ़ी को भी भारतीय संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं से जुड़ने का संदेश मिल रहा है। गंगा मेले में महापुरुषों के नाम से सजे घाट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।