कुंभ जैसा भव्य होगा गढ़ गंगा मेला, आपस में जुड़े गढ़-तिगरी मेले; तैयारियां देखने पहुंचे सीएम योगी
सीएम योगी ने गढ़मुक्तेश्वर में कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले का निरीक्षण किया और 'वोकल फॉर लोकल' पर जोर दिया। उन्होंने ...और पढ़ें
-1794656100185_m.webp)
सीएम योगी आदित्यनाथ। जागरण
जागरण संवाददाता, हापुड़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज गढ़मुक्तेश्वर कच्चा घाट पर लगने वाले कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले में पहुंचकर मेले का निरीक्षण किया। सीएम द्वारा गंगा घाट कार्तिक पूर्णिमा मेले में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए ओ डी ओ पी योजना के तहत लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया गया।
उन्होंने कहा कि हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर कार्तिक पूर्णिमा मेला 17 नवंबर से शुरू होकर 25 नवंबर 2026 तक संचालित होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गढ़मुक्तेश्वर के खादर क्षेत्र में लग रहे कार्तिक गंगा मेला स्थल पर पहुंचकर मेले में श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्था और सदर बाजार का जायजा लिया।
इसके बाद मां गंगा की आरती कर मां गंगा का आशीर्वाद लिया। तत्पश्चात गंगा मेले को लेकर अमरोहा और गढ़मुक्तेश्वर के प्रशासिनक व पुलिस अधिकारियों की बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
हेलीकॉप्टर नहीं उड़ सका
शनिवार की सुबह करीब 11.45 बजे सड़क मार्ग से गंगा मेले में पहुंचे। पहले वह हेलीकॉप्टर से आने वाले थे लेकिन, धुंध के कारण हेलीकॉप्टर नहीं उड़ सका। इसके बाद गाजियाबाद से कार द्वारा रोड मार्ग से यहां पहुंचे। यहां पहुंचकर सीएम का जनपद के प्रभारी मंत्री केपी मलिक, अमरोहा सांसद कंवर सिंह तंवर, विधायकों, भाजपा जिलाध्यक्ष कविता माधरे, कमिश्नर भानु चंद्र गोस्वामी, एडीजी भानु भास्कर, जिला पंचायत प्रशासक रेखा नागर, डीएम कविता मीना आदि ने स्वागत किया।
वहीं, स्वागत के बाद सीएम सदर बाजार पहुंचे। वहां पर लगाई दुकानों का अवलोकन किया और कहा कि इस मेले का फोकस लोकल फॉर वोकल पर रखा जाए। स्वदेशी व उत्पादों को बढ़ावा दिया जाए और उन्हीं की बिक्री की जाए। मेले के बाजार में मुख्यमंत्री ने एक जिला एक उत्पाद के स्टॉल का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने स्टॉल पर प्रदर्शित स्थानीय उत्पादों को देखा और मेले में लगाई गई प्रदर्शनी का जायजा लिया। एक जिला एक उत्पाद स्टॉल के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और उनकी पहचान को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस मौके पर सीएम ने वहां मिले बच्चों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। मुख्यमंत्री के आसपास बच्चों की भीड़ दिखाई दी। इस दौरान बच्चों में मुख्यमंत्री से मिलने को लेकर खासा उत्साह नजर आया।
गंगा माता का पूजन किया
उन्होंने कहा कि गढ़ गंगा मेला ऐतिहासिक व पौराणिक है। यह हमारी धार्मिक, संस्कृति सभ्यता की पहचान है। इसके बाद सीएम योगी आदित्यनाथ व जनपद प्रभारी मंत्री केपी मलिक सांसद कंवर सिंह तंवर आदि ने गंगा माता का पूजन किया और गंगा आरती कर गंगा आशीर्वाद लिया।
इसके बाद सीएम ने मेला स्थल पर मेले में की गई अन्य व्यवस्थाओं को लेकर जनपद अमरोहा व जनपद हापुड़ के प्रशासनिक, पुलिस अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने बैठक में कहा कि गंगा मेला कुंभ मेले की तर्ज पर आयोजित किया जा रहा है। मेले में आने वाले सभी श्रद्धालुओं का ध्यान रखा जाए। मेले में साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान रखे।
श्रद्धालुओं के ठहरने, सुरक्षा, खान-पान बेहतर रहे। मेले के दौरान कोई किसी तरह की अप्रिय घटना न होने पाएं। बैठक के बाद सीएम हेलीकाप्टर से मेरठ के लिए रवाना हो गए। इस दौरान भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष नबाव सिंह नागर, गढ़ विधायक हरेंद्र सिंह तेवतिया, सदर विधायक विजयपाल आढ़ती, धौलाना विधायक धर्मेश तोमर, पूर्व विधायक कमल मलिक, पूर्व जिला महामंत्री मोहन सिंह, जयभगवान शर्मा आदि मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।