इंस्टाग्राम पर हुआ प्यार तो 8 साल पुरानी शादी तोड़ी, अब प्रेमी के साथ रहने के लिए रख दीं ऐसी 9 शर्तें कि हर कोई हैरान!
अमरोहा में एक विवाहिता ने इंस्टाग्राम पर हुए प्यार के बाद अपने पति को छोड़कर प्रेमी के साथ रहने का फैसला किया। प्रेमी के साथ रहने के लिए उसने नौ शर्तें तय कीं और बाकायदा शपथपत्र भी बनवाया, जिससे यह मामला चर्चा में है।

एआई इमेज
HighLights
रिश्ते को लेकर शपथपत्र बनवाया, इंटरनेट मीडिया पर वीडियो प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में, पुलिस बोली-जानकारी नहीं
जागरण संवाददाता, अमरोहा। इंस्टाग्राम पर शुरू हुई बातचीत प्यार में बदली तो आठ साल पुराना वैवाहिक रिश्ता पीछे छूट गया। दो बच्चों की मां विवाहिता पति को छोड़कर अपने प्रेमी के घर पहुंच गई। दिलचस्प यह कि शादीशुदा व दो बच्चों के पिता के साथ रहने से पहले विवाहित प्रेमिका के साथ नौ शर्तें तय हुईं।
बाकायदा शपथपत्र बनवाकर इन शर्तों को लिखित रूप दिया गया। मामला इंटरनेट मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। उधर, प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि प्रकरण से संबंधित कोई शिकायत थाने तक नहीं पहुंची है।
मामला डिडौली का है। मुरादाबाद के एक गांव निवासी युवती की शादी वर्ष 2018 में डिडौली क्षेत्र के युवक से हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं। करीब दो साल से दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
इसी दौरान लगभग एक साल पहले विवाहिता की इंस्टाग्राम के माध्यम से मुरादाबाद निवासी शादीशुदा युवक से जान-पहचान हुई। बातचीत बढ़ी और दोनों में प्रेम-प्रसंग हो गया।
तीन दिन पहले विवाहिता पति और बच्चों को छोड़कर प्रेमी के घर पहुंची और दोनों ने साथ रहने को नौ शर्तें तय कीं। इनमें विवाहिता का पूरा खर्च उठाने, दोनों से होने वाली संतान के दस्तावेजों में पिता का नाम दर्ज कराने, प्रेमी की पहली पत्नी और बच्चों की देखभाल करने तथा रिश्ते में बाहरी हस्तक्षेप नहीं होने जैसे बिंदु शामिल हैं।
उधर, प्रेमी की पहली पत्नी ने विवाहिता को रखने से इन्कार कर दिया है। इसके बावजूद वह मकान के दूसरे हिस्से में रह रही है। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो में विवाहिता ने पति से विवाद और तलाक देने को तैयार नहीं होने की बात कहते हुए प्रेमी के साथ रहने का फैसला करने की बात कही है।