रूस-यूक्रेन युद्ध में लापता अमरोहा का अक्षय, गर्लफ्रेंड ने कहा- मिशन पर है, परिजनों को सलामती की चिंता
रूस-यूक्रेन युद्ध में घायल होने के बाद अमरोहा के फतेहपुर छीतरा निवासी अक्षय लापता हो गए हैं, जिससे उनके स्वजन चिंतित हैं।

मंडी धनौरा में बेटे को लेकर भाकियू के नेता दानवीर सिंह के साथ भारत सरकार से गुहार लगाते अक्षय के माता पिता व दादी। स्रोत स्वजन
HighLights
अमरोहा के अक्षय रूस-यूक्रेन युद्ध में घायल होकर लापता।
गर्लफ्रेंड अलीशा ने बताया अक्षय 'मिशन पर है', फिर फोन बंद।
स्वजन अक्षय की रूसी नागरिकता और सलामती को लेकर चिंतित।
जागरण संवाददाता, अमरोहा। रूस-यूक्रेन युद्ध में घायल होने के बाद लापता फतेहपुर छीतरा निवासी अक्षय की सलामती को लेकर स्वजन और ग्रामीण चिंतित हैं। स्वजन के अनुसार, अक्षय की महिला मित्र अलीशा से संपर्क किया गया तो उसने इतना ही कहा कि अक्षय मिशन पर है और अभी उससे बात नहीं हो सकती। इसके बाद अलीशा का मोबाइल नंबर भी बंद हो गया। इससे स्वजन की चिंता और बढ़ गई है।
अक्षय करीब दो वर्ष पहले बेहतर करियर की उम्मीद में रूस पढ़ाई करने गया था। स्वजन के मुताबिक उसके रूसी सेना में भर्ती होने पर वह हैरान हुए। हालांकि, बेटे की इच्छा को देखते हुए उन्होंने विरोध नहीं किया।
रूस की नागरिकता को लेकर भी सवाल
अक्षय के लापता होने के बाद स्वजन के मन में उसकी रूस की नागरिकता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। उनका कहना है कि अक्षय को रूस गए अभी करीब दो वर्ष ही हुए थे, ऐसे में इतनी कम अवधि में उसे नागरिकता कैसे मिली, यह स्पष्ट नहीं है। स्वजन इस संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहे हैं।
अक्षय ने स्वजन को अपनी महिला मित्र अलीशा का मोबाइल नंबर भी दिया था और उससे उनकी बातचीत होती थी। 24 अगस्त के बाद स्वजन ने अलीशा से संपर्क किया तो उसने फोन उठाया, लेकिन अक्षय के मिशन पर होने की बात कहते हुए अधिक बातचीत नहीं की।
इसके बाद उसका मोबाइल नंबर बंद हो गया। अब उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है। स्वजन अक्षय और अलीशा के रिश्ते को लेकर भी आशंकित हैं। हालांकि, इस संबंध में स्वजन के पास कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। अक्षय के लापता होने के बाद परिवार उसकी सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए बैठा है।
बेटे को याद कर सुबक रहीं मां और दादी
अक्षय परिवार में सबसे छोटा और सबका लाडला है। स्वजन के अनुसार, उसी की इच्छा पर उसे रूस पढ़ाई के लिए भेजा गया था। अब उसके साथ हुए घटनाक्रम ने पूरे परिवार को चिंता में डाल दिया है। मां मीना देवी और दादी नन्हों देवी उसे याद कर भावुक हो जाती हैं और उसकी सलामती की दुआ कर रही हैं। गांव के लोग भी अक्षय की कुशलता को लेकर चिंतित हैं।
