हसनपुर में 5500 बीघा में बनेगा औद्योगिक ग्रीन गलियारा, 100 से ज्यादा किसानों ने दी भूमि अधिग्रहण की सहमति
अमरोहा के हसनपुर में औद्योगिक ग्रीन गलियारा निर्माण की कवायद तेज हो गई है। 100 से अधिक किसानों की सहमति ...और पढ़ें

रुस्तमपुर में औद्योगिक ग्रीन गलियारा की भूमि में सड़कों की स्थापना के लिए लगाया गया हाट मिक्स प्लांट। जागरण
संवाद सहयोगी, हसनपुर (अमरोहा)। क्षेत्र में औद्योगिक ग्रीन गलियारा के निर्माण की कवायद तेज हो गई है। राजस्व लेखपाल औद्योगिक ग्रीन गलियारा के लिए किसानों की भूमि अधिग्रहण करने से पहले उनसे सहमति ले रहे हैं। अब तक सौ से अधिक किसान सहमति दे चुके हैं। उधर पूर्व में चिन्हित जितनी भूमि की खरीद हो चुकी है उसमें सेक्टर तैयार करने के साथ ही सड़कों के निर्माण की तैयारी शुरू हो गई है।
अमरोहा जनपद की हसनपुर तहसील के गांव मंगरौला, रूस्तमपुर खादर तथा दौलतपुर कला में यूपीडा के द्वारा औद्योगिक ग्रीन गलियारा की स्थापना के लिए 140 हेक्टेयर भूमि वर्ष 2023 में चिन्हित की गई थी। इस भूमि में से करीब 70 प्रतिशत भूमि की तहसील प्रशासन नियमानुसार किसानों से खरीद कर चुका है।
इसके साथ ही औद्योगिक ग्रीन गलियारा का दायरा बढ़ाते हुए क्षेत्र के गांगटकोला, हाकमपुर, गंगवार, पतेई खादर, बांसका कला और बुरावली में भूमि चिन्हित करने के साथ ही किसानों भूमि अधिग्रहण करने की तैयारी की जा चुकी है। सर्किल रेट बढ़ाने के बाद उसमें दावे और आपत्तियां लेकर निस्तारण करने के बाद किसानों से सहमति ली जा रही है।
रूस्तमपुर खादर में स्थापित किया हाॅट मिक्स प्लांट
औद्योगिक ग्रीन गलियारा में सड़कों का निर्माण करने के लिए क्षेत्र के रूस्तमपुर खादर गांव में हाॅट मिक्स प्लांट की स्थापना की जा रही है। अब तक खरीदी गई भूमि का सीमांकन करके उसमें सेक्टर बनाए जा रहे हैं।
सेक्टर बनाने के बाद सड़कों का निर्माण, बिजली की लाइनों की स्थापना तथा पानी की आपूर्ति के लिए पाइप लाइन व टंकी की स्थापना का कार्य कराया जाएगा। इसके बाद औद्योगिक ग्रीन गलियारा में उद्योग स्थापित करने वाली कंपनी अपने हिसाब से निर्माण कार्य शुरू करेंगी।
औद्योगिक ग्रीन गलियारा की स्थापना के लिए भूमि अधिग्रहण करने की तैयारी चल रही है। लेखपाल किसानों से सहमति ले रहे हैं। इसके बाद बैनामा कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। औद्योगिक ग्रीन गलियारा बनने पर यहां विकास को पंख लग जाएंगे।
- हिमांशु उपाध्याय, एसडीएम हसनपुर।
यह भी पढ़ें- छठ-दीपावली पर दिल्ली जाना हुआ आसान: अमरोहा से चलेंगी 20 स्पेशल बसें, चालकों को मिलेंगे ₹4,800 तक एक्स्ट्रा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।