SIM Card Scam: फ्री पोर्ट और सस्ते सिम के लालच में न आएं! 'डबल क्लिक' के खेल से आपकी ID पर जारी हो रहा दूसरा नंबर
मुजफ्फरनगर पुलिस ने अमरोहा में साइबर ठगी का भंडाफोड़ करते हुए अंकुर सैनी, अक्षय अग्रवाल और अब्दुल मलिक को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी ग्राहकों की आईडी पर दो सिम कार्ड जारी कर एक का इस्तेमाल साइबर ठगी के लिए करते थे, जिसके तार कंबोडिया से जुड़े हैं।

एआई इमेज
HighLights
फ्री में सिम कार्ड पोर्ट कराने व नया सिम 150 रुपये दिया जाता था
जिले में सक्रिय हैं थोक के भाव सिम कार्ड लेने वाले कई जालसाज
आसिफ अली, अमरोहा। मुजफ्फरनगर पुलिस ने अमरोहा के अंकुर सैनी, अक्षय अग्रवाल व अब्दुल मलिक को गिरफ्तार कर साइबर ठगी का राजफाश किया है। दूसरे लोगो की आइडी पर सिम कार्ड जारी कराने का खेल यह लोग बड़े ही शातिराना तरीके से करते थे। अब्दुल मलिक नगर के टीपीनगर चौराहा पर कैनओपी लगाकर कई कंपनियों के सिम कार्ड पोर्ट करने व नए सिम कार्ड बेचने काम करता था तथा अंकुश सैनी भी इसी काम में शामिल रहा है।
यह लोग उनके पास आने वाले ग्राहकों के नाम से दो सिम कार्ड जारी करते थे तथा एक ग्राहक को देकर दूसरा अपने पास रखते थे। जिसका प्रयोग साइबर ठगी में किया जाता था। यह धंधा जिले में कई अन्य लोग भी कर रहे हैं। वह कई डिस्ट्रीब्यूटर के पास काल कर थोक में सिम कार्ड की मांग करते हैं।
कंबोडिया से संचालित साइबर ठगी के इस गैंग के तार अमरोहा से जुड़ा होने के बाद यहां सडक किनारे कैनओपी लगाकर सिम कार्ड पोर्ट करने व बेचने का धंधा करने वाले लोग एक बार फिर सवालों में घिर रहे हैं।
दरअसल अक्षय अग्रवाल तो डिस्ट्रीब्यूटर है तथा अब्दुल मलिक व अंकुश सैनी कैनओपी लगाकर सिम पोर्ट करने व नया सिम बेचने का काम करते थे। नगर के एक डिस्ट्रीब्यूटर ने बताया कि यह लोग ग्राहकों को लालच में फांस कर उनकी आइडी पर दो सिम कार्ड जारी करने का काम करते हैं।
दरअसल सिम कार्ड पोर्ट करने के लिए यह लोग कोई पैसा नहीं लेते तथा साथ ही एक महीना के लिए अनलिमिटेड डाटा भी ग्राहक को देते हैं। साथ ही नया सिम कार्ड केवल 150 रुपये में जारी करते हैं।
जबकि वास्तव में नया सिम कार्ड 350 रुपये (काल व डाटा) तथा केवल काल के लिए 250 रुपये में जारी होता है। बताया कि यह लोग सिम पोर्ट करने या नया सिम जारी करने के लिए ग्राहक से उसकी आइडी की फोटो लेने के साथ ही अपने मोबाइल से उसका फोटो भी लेते हैं।
जिस ग्राहक के नाम से उन्हें दो सिम कार्ड जारी करने होते हैं उसका फोटो दो बार खींचा जाता है। कहा जाता है कि फोटो सही नहीं आया या सर्वर ने नहीं पकड़ा, ऐसे में ग्राहक दोबारा फोटो खिंचवा देता है।
बस यहीं से जालसाज उसके नाम से दो सिम कार्ड जारी कर लेते हैं। एक ग्राहक को देते हैं तो दूसरे को अपने पास रख कर साइबर ठगों को बेचने का काम किया जाता है। यह गैंग भी इसी तर्ज पर काम कर रहा था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।