सरकारी योजना का झांसा देकर साइबर ठगों ने इस्तेमाल किए बैंक खाते, सालों से फ्रीज; अब हाईकोर्ट ने दिया बड़ा निर्देश
साइबर ठग सरकारी योजनाओं का झांसा देकर भोले-भाले लोगों के बैंक खातों का दुरुपयोग कर रहे हैं, जिससे उनके खाते ...और पढ़ें

एआई इमेज
जागरण संवाददाता, अमरोहा। साइबर अपराधियों की ठगी का शिकार केवल वे लोग नहीं होते, जिनके बैंक खातों से रकम निकाली जाती है। कई बार शातिर ठग भोले-भाले लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर उनके बैंक खाते, पासबुक और एटीएम कार्ड हासिल कर लेते हैं।
बाद में इन खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम के लेनदेन में किया जाता है। जिले में पिछले दो वर्षों में ऐसे सात लोगों के बैंक खातों का गलत इस्तेमाल सामने आया है। इन खातों को आज तक फ्रीज रखा गया है।
साइबर ठगी के मामलों में बैंक खाते लंबे समय तक फ्रीज रहने की समस्या को गंभीरता से लेते हुए हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव को निर्देश दिए हैं।
कोर्ट ने कहा है कि साइबर अपराध के मामलों में खातों को लंबे समय तक फ्रीज रखना उचित नहीं है। इस समस्या का समाधान तलाशने के निर्देश दिए गए हैं।
इससे उन वास्तविक खाताधारकों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिनके खातों का इस्तेमाल साइबर अपराधियों ने धोखे से किया है। जिले में सामने आए मामलों में जोया निवासी नईम और उनकी पत्नी सायरा के बैंक खाते भी शामिल हैं।
आरोप है कि ठाकुरद्वारा के एक युवक ने जोया के युवक की मदद से सरकारी योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर दंपती के बैंक खातों का संचालन अपने हाथ में ले लिया था।
वर्ष 2025 में पुलिस ने संबंधित गिरोह को पकड़ा तो मामला सामने आया। जांच में दोनों खातों से दो लाख रुपये से अधिक का लेनदेन होने की जानकारी मिली थी। इ
सी तरह गजरौला निवासी कन्हैया के बैंक खाते का भी गलत इस्तेमाल किया गया। उसे सरकारी योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर नगर के ही एक युवक ने बैंक पासबुक और एटीएम कार्ड हासिल कर लिया था।
बाद में उसके खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेनदेन में किया गया। उधर, अमरोहा पुलिस पिछले दो वर्षों में विभिन्न राज्यों के 500 से अधिक बैंक खाते फ्रीज करा चुकी है। इन खातों में साइबर ठगी की रकम का लेनदेन किया गया था।
पुलिस की कार्रवाई से ठगी के नेटवर्क पर अंकुश लगाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन धोखे से खाते उपलब्ध कराने वाले वास्तविक खाताधारकों के सामने लंबे समय तक बैंकिंग सुविधाओं से वंचित रहने की समस्या बनी हुई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।