अमरोहा में रहस्यमय तरीके से मर रही हैं बिल्लियां, कबूतरबाजों पर गहराया शक; 3 महीने में 20 से ज्यादा की मौत
अमरोहा के उझारी कस्बे में पिछले तीन महीनों में 20 से अधिक बिल्लियों की रहस्यमय तरीके से मौत हो चुकी ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
उझारी कस्बे में सबसे अधिक बिल्ली मारने के मामले आ रहे सामने
संवाद सूत्र, उझारी (अमरोहा)। जनपद झांसी के शहर कोतवाली थाना क्षेत्र में जीवित चूहे को लोहे के गेट से बांधकर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जलाकर मारने का मामला समाचारों की सुर्खियों में है। बुधवार सुबह तहसील क्षेत्र के कस्बा उझारी में दो बिल्लियों को मारकर अलग-अलग सड़क पर फेंकने का मसला सामने आया है।
लोगों का कहना है कि यहां आए दिन पालतू व जंगली बिल्लियों के सड़कों पर शव पड़े हुए मिल रहे हैं। हालांकि, लोगों का शक कबूतरबाजों की तरफ घूम रहा है।
कस्बा उझारी के लोगों का कहना है कि आए दिन सुबह के समय सड़कों पर बिल्लियां मरी हुई दिखाई देती हैं। पिछले तीन माह में बीस से अधिक बिल्लियों की मौत हो चुकी है।
वहीं, कस्बा निवासी जितेंद्र सिंह की एक, रूकसाना की तीन, सबा खान की चार, शबीना की तीन पालतू बिल्ली भी गायब हुई हैं। सड़क पर मृत मिलने वाली बिल्लियों की जिम्मेदार जांच पड़ताल तक नहीं कर रहे हैं। नगर पंचायत के सफाई कर्मचारी कूड़े के साथ बिल्लियों के शव उठाकर आबादी से बाहर फेंक देते हैं।
कबूतरों पर हमले रोकने को तो नहीं मारी जा रही बिल्ली?
नगर पंचायत उझारी में मकान की छतों पर कबूतर व मुर्गें पालने वालों की भी कमी नहीं है। जंगली बिल्ली रात में मौका देखकर कबूतरों एवं मुर्गों पर हमला कर देती हैं। लोगों को शक है कि कहीं कबूतर पालने वाले लोग बिल्ली के हमलों से नाराज होकर उनको मार तो नहीं रहे।
कुत्ते भी करते हैं बिल्लियों पर हमला
क्षेत्र में बड़े पैमाने पर घूम रहे आवारा कुत्ते घूम रहे हैं। कुत्ते भी अक्सर बिल्लियों पर हमला कर देते हैं। ऐसे में यह भी हो सकता है कि रात में कुत्ते बिल्लियों पर हमला कर मार डालते हो। हालांकि, यह सब जांच का विषय है।
यह बोले लोग
उझारी में पिछले कुछ दिनों से बिल्लियों की मौत के मामले सामने आ रहे हैं। बिल्लियों को कौन मार रहा है इसकी जांच होनी चाहिए। - राजीव कंसल, पूर्व नगर अध्यक्ष भाजपा।
कस्बे में बिल्लियों के सड़कों पर शव पड़े हुए देखे जा रहे हैं। वन विभाग तथा नगर पंचायत को बिल्लियों की मौत की जांच करानी चाहिए। - आकाश अग्रवाल, व्यापारी।
पिछले कई महीनों से कस्बे में बीस से अधिक बिल्लियों की मौत हो चुकी है। जिम्मेदारों को बिल्ली के शवों का पोस्टमार्टम कर जांच करनी चाहिए। - मसला देवी, स्थानीय निवासी।
जंगली बिल्ली वन विभाग के अधीन आती हैं तथा पालतू बिल्ली नगर पंचायत के। उझारी में बिल्लियों की मौत होने का मामला संज्ञान में आया है। आगे यदि और कोई बिल्ली मरती है तो उसकी प्रजाति देखकर जांच कराकर जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
- नरेश कुमार, क्षेत्रीय वनाधिकारी, हसनपुर।
यह भी पढ़ें- अमरोहा: SC-ST मुआवजा राशि हेराफेरी मामले में नया मोड़, जांच कमेटी ने हाथ खड़े कर बंद किया चैप्टर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।