हैवानियत का वीडियो वायरल: बहन के प्रेम विवाह से भड़के भाई ने सरेराह ससुर को रॉड से पीटा, हालत गंभीर
अमरोहा में बहन के प्रेम विवाह से नाराज भाई ने उसके ससुर मोबीन अहमद को लोहे की रॉड से पीटकर ...और पढ़ें
HighLights
चार पर प्राथमिकी, एक आरोपित गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, अमरोहा। बिजनौर मार्ग पर किसान पेट्रोल पंप के समीप बुधवार रात बहन के प्रेम विवाह करने से नाराज भाई ने उसके ससुर को सरेराह सड़क पर गिराकर लोहे की राड से ताबड़तोड़ वार कर अधमरा कर दिया। इस दौरान किसी ने हमले का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। घायल की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस ने मामले में चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है, जिसमें से एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। मुहल्ला नल नई बस्ती के मोबीन अहमद के बेटे जाने आलम का प्रेम प्रसंग मुहल्ले की ही निदा से चल रहा था। करीब 15 दिन पहले दोनों ने प्रेम विवाह किया था और घर पर ही रह रहे थे।
मगर निदा के परिवार वाले इस शादी से राजी नहीं थे। इसके बाद से ही दोनों परिवारों के बीच रंजिश चल रही थी। निदा का भाई आतिफ परिवार के ही फैज, मन्नान और शब्बू लगातार उन्हें धमकी दे रहे थे। बुधवार रात करीब आठ बजे मोबीन अहमद बिजनौर मार्ग पर किसान पेट्रोल पंप के पास राजू ट्रांसपोर्ट पर बैठे थे।
इसी दौरान आतिफ वहां पहुंचा और मोबीन को दुकान से बाहर खींच लिया। मोबीन ने विरोध किया तो आतिफ ने उन्हें धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया और लोहे की राड से उन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस दौरान आसपास के लोग केवल तमाशा देखते रहे। हालांकि कुछ लोगों ने बचाने का प्रयास किया।
मगर आतिफ ने उन पर भी हमला करने की कोशिश की, जिससे वे पीछे हट गए। इसी बीच किसी राहगीर ने हमले का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर डाल दिया। वीडियो प्रसारित होते ही पुलिस में खलबली मच गई। सूचना पर मोबीन के स्वजन भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने उन्हे नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
वहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। मोबीन के दूसरे बेटे शाने आलम की तहरीर पर पुलिस ने आतिफ, फैज, मन्नान और शब्बू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि फैज को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। बताया कि प्राथमिक जांच में प्रेम विवाह को लेकर रंजिश सामने आई है।
24 सेकंड में पांच वार, मृत समझकर छोड़ा
हमले की 24 सेकंड की वीडियो बेहद चौंकाने वाली है। वीडियो में दिख रहा है कि मोबीन अहमद सड़क किनारे पड़े हैं और आतिफ उन पर राड से हमला कर रहा है। इस दौरान आतिफ ने उन पर पांच वार किए। जब कुछ लोग उन्हें बचाने आए तो आतिफ ने उन्हें दूर हटने के लिए कहा और फिर मोबीन को मृत समझकर वहां से भाग गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।