अमरोहा में मिशन 2027 शुरू: तिगरी मेले के बाद अब चुनावी मोड में प्रशासन, घर-घर बनेंगे नए वोट
अमरोहा प्रशासन तिगरी मेले के सफल आयोजन के बाद अब आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गया है। डीएम ने बूथों का निरीक्षण कर मतदाता पंजीकरण बढ़ाने, ईवीएम जागरूकता और मतदान कार्मिकों के डेटा प्रबंधन पर जोर दिया।

मंडी धनौरा के चुचैला कलां में बने मतदान केंद्र का निरीक्षण करते जिलाधिकारी डाॅ. नितिन गौड़। सौ. प्रशासन
HighLights
रोजाना पांच से छह नए मतदाताओं के पंजीकरण करने पर दिया जोर
जागरण संवाददाता, अमरोहा। तिगरी गंगा मेले के सफल आयोजन के बाद अब जिला प्रशासन ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर पूरा ध्यान केंद्रित कर दिया है। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण से लेकर मतदान कार्मिकों के डाटा प्रबंधन और ईवीएम के प्रति जागरुकता तक, चुनावी तैयारियों को धरातल पर उतारने की कवायद तेज हो गई है।
गुरुवार को डीएम डाॅ. नितिन गौड़ ने धनौरा तहसील क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर मतदाता पंजीकरण की प्रगति परखी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए।
दोपहर करीब 12 बजे डीएम ग्राम चुचैला कलां पहुंचे। यहां प्राथमिक विद्यालय चुचैला कलां-2 में स्थापित बूथ संख्या 286, 287 और 288 का निरीक्षण किया।
उन्होंने बूथ लेबल अधिकारियों (बीएलओ) से मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए प्राप्त फार्म-6, 7 और 8 की स्थिति जानी। ग्राम प्रशासक और राशन डीलर को भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने के निर्देश दिए।
कहा राशन वितरण के दौरान ऐसे लोगों को भी जागरूक किया जाए, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। इसके बाद डीएम ने उच्च प्राथमिक विद्यालय चुचैला कलां में बूथ संख्या 289, 290 और 291 का जायजा लिया।
बीएलओ को घर-घर संपर्क कर पात्र लोगों को मतदाता बनने के लिए प्रेरित करने और प्रतिदिन पांच से छह नए मतदाताओं का पंजीकरण कराने का लक्ष्य दिया। उन्होंने दावे और आपत्तियों की रेंडम जांच पर भी जोर दिया। यहां एसडीएम एसके दुबे आदि रहे।
ईवीएम से मतदान का दिया जा रहा व्यावहारिक प्रशिक्षण
मतदान प्रक्रिया को लेकर नागरिकों की झिझक दूर करने और ईवीएम के इस्तेमाल की जानकारी देने के लिए जिले की चारों तहसीलों के साथ कलक्ट्रेट में डमी मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।
गुरुवार सुबह करीब साढ़े दस बजे जिला निर्वाचन अधिकारी डाॅ. नितिन गौड़ ने कलक्ट्रेट स्थित केंद्र पर स्वयं डमी मतदान कर प्रक्रिया का प्रदर्शन किया।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे ईवीएम से मतदान की प्रक्रिया को समझें और लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। यहां डिप्टी कलेक्टर रितु कुमारी आदि रहे।
मतदान कार्मिकों के डाटा में शुद्धता पर जोर
कलक्ट्रेट के गांधी सभागार में सीडीओ उमेश चंद्र तिवारी की अध्यक्षता में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें अधिकारियों और कंप्यूटर ऑपरेटरों को मतदान कार्मिकों का डाटा प्रपत्र-2 व प्रपत्र-3 पर ऑनलाइन फीड करने तथा इलेक्शन पर्सनल डिप्लायमेंट सिस्टम पोर्टल के संचालन की जानकारी दी गई।
सीडीओ ने सभी नोडल अधिकारियों, जनपदीय अधिकारियों और कार्यालयाध्यक्षों को निर्देश दिए कि संबंधित विभागों के मतदान कार्मिकों का विवरण निर्धारित प्रारूप में पूरी शुद्धता के साथ उपलब्ध कराएं। जिन विभागों ने अब तक प्रपत्र-1 की सूचना एनआइसी को नहीं भेजी है, उन्हें तत्काल सूचना उपलब्ध कराने को कहा गया।
मतदाता सूची से जुड़ी शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम
एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के लिए कलक्ट्रेट परिसर में डिस्ट्रिक्ट कांटेक्ट सेंटर स्थापित किया गया है।
यहां मतदाता नाम जोड़ने, संशोधन कराने, नाम छूटने या अपमार्जन सहित चुनाव संबंधी शिकायतों का समाधान करा सकते हैं। इसके लिए 05922-252224 और 05922-251399 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 की सुविधा भी उपलब्ध है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।