विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमरोहा की अमायरा की मौत का रहस्य गहराया, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने नहीं आई वजह, विसरा सुरक्षित

Published: Sun, 23 Aug 2026 06:31 PM (GMT+05:30)

तीन वर्षीय अमायरा की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट नहीं हो सका है, जिसके बाद विसरा जांच के लिए आगरा लैब भेजा गया है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. अमायरा की मौत का कारण पोस्टमार्टम में स्पष्ट नहीं।

  2. विसरा सुरक्षित कर आगरा लैब में जांच हेतु भेजा।

  3. पुलिस डिडौली गांव में मामले की गहन जांच कर रही।

जागरण संवाददाता, अमरोहा। तीन वर्षीय अमायरा की मौत का रहस्य गहराता जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम के दौरान मौजूद स्वास्थ्य विभाग की फोरेंसिक टीम ने कुछ नमूने लेकर जांच के लिए आगरा स्थित लैब भेजे हैं।

अधिकारियों के अनुसार, करीब एक सप्ताह में रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। वहीं, शनिवार को पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर कई बिंदुओं पर जांच की। एसपी लखन सिंह यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। इसलिए विसरा सुरक्षित रखा गया है, जिसकी जांच कराई जाएगी।

डिडौली के गांव ढकिया चमन निवासी सैलून संचालक मोहम्मद रजा की तीन वर्षीय बेटी अमायरा सोमवार सुबह दादी फात्मा के साथ परिवार के दूसरे घर गई थी। इसी दौरान वह लापता हो गई। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला।

पांचवें दिन शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे गांव के तालाब में उसका शव उतराता मिला था। मासूम की मौत को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, लेकिन रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। इसके बाद विसरा सुरक्षित रख लिया गया।

शुक्रवार शाम को शव को सिपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। पोस्टमार्टम के दौरान मौजूद स्वास्थ्य विभाग की फोरेंसिक टीम ने भी कुछ नमूने एकत्र किए और उन्हें जांच के लिए आगरा लैब भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।

उधर, शनिवार को भी गांव में अमायरा की मौत को लेकर ग्रामीणों के बीच चर्चा होती रही। पीड़ित स्वजन को सांत्वना देने के लिए लोगों का पहुंचना जारी रहा। पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर बच्ची के लापता होने वाले स्थान से लेकर शव मिलने वाले तालाब तक कई बिंदुओं पर जांच की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।

यह भी पढ़ें- अमरोहा में 5 दिन से लापता 3 साल की अमायरा का तालाब में मिला शव, गले पर निशान से हत्या की आशंका

यह भी पढ़ें- जयपुर: 9 साल की अमायरा के साथ क्लास में क्या-क्या हुआ था? सामने आया मौत से पहले का CCTV फुटेज