पति के भांजे से शादी की जिद बनी मौत: अवैध संबंध के शक में पत्नी की हत्या, ऐसे खुला खौफनाक राज
अमरोहा में पति नेमपाल और उसके भांजे राजू ने मिलकर पत्नी अनीता की हत्या कर दी। अवैध संबंध और भांजे ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
पांच नवंबर की रात 12 बजे कर दी थी अनीता की हत्या
संवाद सूत्र, आदमपुर (अमरोहा)। पति नेमपाल के भांजे राजू से शादी करने की जिद अनीता के लिए मौत का सबब बन गई। पति पहले से ही उसकी हरकतों से परेशान था तथा बाद में भांजे से रिश्ते का पता चला तो वह भी अनीता की हत्या करने के लिए राजी हो गया था। एक नवंबर को दोनों से हत्या की योजना बनाई थी। योजना के मुताबिक राजू 5 नवंबर को अनीता को गजरौला से बाइक पर बैठा कर ले गया था।
रात में शराब पिलाने के बाद उसकी हत्या कर दी थी। थानाध्यक्ष कोमल तोमर ने बताया कि गांव चौकुनी निवासी नेमपाल की पत्नी अनीता की हत्या के मामले में सोमवार को पति व उसके भांजे राजू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बताया कि आरोपितों ने पूछताछ के दौरान सारा घटनाक्रम बताया है। दरअसल पांच साल पहले नेमपाल व अनीता के बीच विवाद हो गया था तथा दोनों अलग हो गए थे।
अनीता तीन बेटियों को लेकर गजरौला में किराए के मकान में रहने लगी थी तथा यहां फैक्ट्री में काम करती थी। वह कई बार दिल्ली भी गई थी। जबकि बेटा नेमपाल के साथ ही रहता था।
बताया कि तीन साल पहले अनीता का प्रेम प्रसंग नेमपाल के भांजे राजू निवासी गवां से हो गया था। राजू भी शादीशुदा है तथा उसके दो बच्चे हैं। इस प्रेम प्रसंग की जानकारी न सिर्फ नेमपाल बल्कि राजू की पत्नी को भी हो गई थी। जिसके चलते राजू के घर में भी विवाद रहता था।
उधर नेमपाल भी पत्नी की हरकतों से परेशान था। बताया कि अनीता अब राजू पर शादी का दबाव बना रही थी। जिसे लेकर वह परेशान था। उसने 1 नवंबर को मामा नेमपाल से इस बारे में बात की थी। जिसके बाद दोनों ने उसकी हत्या करने की योजना बनाई थी।
योजना के मुताबिक पांच नवंबर को नेमपाल पहले ही गवां पहुंच गया था। राजू ने अनीता को काॅल कर गजरौला चौपला बुलाया था। रात को नौ बजे बाइक पर बैठा कर वह अनीता को गवां ले आया।
इस दौरान दोनों के बीच मोबाइल काॅल पर आठ बार बात हुई थी। गवां जाकर रात में राजू व अनीता ने शराब पी थी, जबकि नेमपाल घर में ही छुपा हुआ था। नशे में होने पर दोनों ने मिलकर अनीता की हत्या कर दी थी।
थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों ने हत्या करने के बाद शव को पन्नी में लपेट कर रात में ही घर के पीछे बनी झाड़ियों में छुपा दिया था। जबकि 6 नवंबर को जेसीबी से गड्ढा खोदवाया था।
बाद में रात में शव को गड्ढे में दबा दिया था। थानाध्यक्ष ने बताया कि सोमवार को दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा व बाइक बरामद कर ली है।अदालत में पेश कर दोनों को जेल भेज दिया है।
यह था पूरा मामला
पांच नंबर को अनीता लापता हो गई थी। नौ नवंबर को उसके भाई मानू ने तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उसके बाद पुलिस ने सर्विलांस के माध्यम से अनीता के मोबाइल की सीडीआर व लोकेशन पता की थी। जिसमें राजू से 5 नवंबर को आठ बार बात हुई थी।
वहीं राजू व नेमपाल की बात भी कई बार हुई थी। अंतिम लोकेशन भी गवां में मिली थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि हत्या के बाद आरोपितों ने उसका मोबाइल व सिम कार्ड भी तोड़ दिया था। सीडीआर के आधार पर जब राजू व नेमपाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने घटना का राजफाश कर दिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।