विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सपा-कांग्रेस सीट शेयरिंग में फंसा पेंच, गांधी परिवार के गढ़ अमेठी-रायबरेली में सिर्फ एक सीट का ऑफर!

Published: Wed, 25 Nov 2026 03:45 PM (IST)

2027 के विधानसभा चुनाव के लिए सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत चल रही है, जिसमें अमेठी-रायबरेली में पेच फंसा है। सपा गांधी परिवार के गढ़ की 10 सीटों में से कांग्रेस को केवल जगदीशपुर सीट देने को तैयार है, जबकि कांग्रेस 130 सीटों की मांग कर रही है।

राहुल गांधी और अखिलेश यादव की फाइल फोटो। सौजन्य- PTI

राहुल गांधी और अखिलेश यादव की फाइल फोटो। सौजन्य- PTI

HighLights

  1. सपा-कांग्रेस के बीच 2027 चुनाव के लिए सीट बंटवारे पर बातचीत।

  2. अमेठी-रायबरेली की 10 में से कांग्रेस को सिर्फ जगदीशपुर सीट।

  3. कांग्रेस 130 सीटों की मांग पर, सपा ने 26 का प्रस्ताव दिया।

दिलीप सिंह, अमेठी। 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर चल रही बातचीत और हर दिन सामने आ रहे नए पेच से अमेठी-रायबरेली में भी राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। कांग्रेस 130 सीटों की मांग कर रही है। इसके जवाब में सपा ने महज 26 सीटें देने का प्रस्ताव दिया है।

गांधी परिवार के गढ़ अमेठी-रायबरेली की 10 सीटों में सपा कांग्रेस को केवल जगदीशपुर सीट देने पर सहमत दिख रही है। 2022 के विधानसभा चुनाव में जगदीशपुर ही वह सीट थी, जहां कांग्रेस उम्मीदवार ने सपा प्रत्याशी को पछाड़ा था और कांग्रेस मुख्य मुकाबले में रही थी। जगदीशपुर को छोड़कर कांग्रेस अमेठी-रायबरेली के किसी भी सीट पर मुख्य मुकाबले में नहीं थी। जबकि सपा दोनों जिलों की 10 विधान सभा सीटों में 06 सीट जीतने में सफल हुई थी।

2022 में कांग्रेस संसदीय क्षेत्र की पांचों सीटों में से एक भी नहीं जीत सकी थी। तिलोई, जगदीशपुर और सलोन में भाजपा, जबकि अमेठी और गौरीगंज में सपा जीती थी। कांग्रेस केवल जगदीशपुर सुरक्षित सीट पर सीधे मुकाबले में थी। गौरीगंज से 2012 से लगातार जीत रहे राकेश प्रताप सिंह को 2022 में भाजपा ने चुनौती देने के लिए पूरी ताकत लगाई थी। इसके बावजूद वह सात हजार से अधिक मतों से जीते।

अब वह भाजपा में शामिल हो चुके हैं। 2022 में राकेश प्रताप सिंह को 79040, भाजपा के चंद्र प्रकाश मिश्र मटियारी को 72077, कांग्रेस के फतेबहादुर को 28974 और बसपा के रामलखन को 9872 मत मिले थे। रामलखन अब कांग्रेस में हैं।
अमेठी सीट पर 2022 में सपा की महाराजी देवी ने भाजपा प्रत्याशी और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजय सिंह को हराया था। महाराजी प्रजापति को 88217, डा. संजय सिंह को 70121, कांग्रेस के आशीष शुक्ल को 14080 और बसपा की रागनी तिवारी को 10202 मत मिले थे।

तिलोई सीट पर भाजपा के मयंकेश्वर शरण सिंह जीते थे। भाजपा को 99472, सपा को 71643, कांग्रेस को 21978 और बसपा को 6120 मत मिले। जगदीशपुर सुरक्षित सीट पर भाजपा के सुरेश पासी को 89,315 मत मिले और वह जीते। कांग्रेस के विजय पासी को 66,491, सपा की विमलेश सरोज को 27,971 और बसपा के जितेंद्र कुमार को 10,198 मत मिले। सलोन सुरक्षित सीट पर भाजपा के अशोक कुमार ने सपा के जगदीश प्रसाद को 2,111 मतों से हराया। भाजपा को 87,715 और सपा को 85,604 मत मिले। कांग्रेस प्रत्याशी अर्जुन पासी 11,439 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

अंतिम फैसले पर टिकी निगाहें

सपा के जिला प्रवक्ता राजेश मिश्रा ने कहा कि दोनों दलों के नेताओं के बीच बातचीत चल रही है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने कहा कि बातचीत के बाद शीर्ष नेतृत्व का जो भी फैसला होगा, उसे माना जाएगा।

यह भी पढ़ें- सीट शेयरिंग से बगावत के सुर! 150 में कांग्रेस को सपा ने थमाई सिर्फ 26 की लिस्ट, कानपुर में किदवई नगर और गोविंदनगर पर फंसा पेच

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।