अमेठी में ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, रिटायर्ड सूबेदार की मौत
लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिरियारी के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बाइक सवार रिटायर्ड सूबेदार प्रदीप सिंह की मौत हो गई।

HighLights
रिटायर्ड सूबेदार प्रदीप सिंह की सड़क हादसे में दुखद मौत।
लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को रौंदा।
भेल फैक्ट्री में सुरक्षाकर्मी के पद पर थे कार्यरत।
जागरण संवाददाता, अमेठी। लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार देर शाम सिरियारी स्थित पेट्रोल पंप के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बाइक सवार रिटायर्ड सूबेदार की मौत हो गई।
सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद वह जगदीशपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित भेल फैक्ट्री में सुरक्षाकर्मी के पद पर कार्यरत थे। हादसा उस समय हुआ जब वह बाइक से ड्यूटी पर जा रहे थे। गंभीर हालत में उन्हें जगदीशपुर ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सुल्तानपुर जिले के धनपतगंज थाना क्षेत्र के नवगवां गांव निवासी प्रदीप सिंह 55 वर्ष सेना से सूबेदार के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। वर्तमान में वह भेल फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहे थे।
शुक्रवार को रोज की तरह बाइक से ड्यूटी के लिए निकले थे। इसी दौरान सिरियारी पेट्रोल पंप के पास उनकी बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गई। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें आनन-फानन जगदीशपुर ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां पर उनकी मौत हो गई।
मौत की खबर सुनते ही घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से नवगवां गांव में भी शोक छा गया। थानाध्यक्ष मुकेश पटेल ने बताया कि हादसे में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर सुरक्षित खड़ा करा दिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच की जा रही है।
