विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमेठी: पद्मावत एक्सप्रेस में गूंजी किलकारी, चलती ट्रेन में महिला ने बच्चे को दिया जन्म

Published: Wed, 04 Nov 2026 04:20 PM (IST)

दिल्ली से प्रतापगढ़ जा रही एक गर्भवती महिला ने पद्मावत एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान बच्चे को जन्म दिया। सहयात्री ...और पढ़ें

सीएचसी में नवजात बच्चे के साथ मां

सीएचसी में नवजात बच्चे के साथ मां

HighLights

  1. चलती पद्मावत एक्सप्रेस में महिला को हुई प्रसव पीड़ा।

  2. सहयात्री और आरपीएफ ने सुरक्षित प्रसव में मदद की।

  3. जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ, अमेठी अस्पताल में भर्ती।

संवाद सूत्र, अमेठी। पद्मावत एक्सप्रेस में मंगलवार की देर रात मानवता और आपसी सहयोग की अनूठी मिसाल देखने को मिली। दिल्ली से प्रतापगढ़ जा रही गर्भवती महिला को सफर के दौरान अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ट्रेन में मौजूद एक महिला यात्री ने मदद के लिए आगे आकर चलती ट्रेन में ही सुरक्षित प्रसव कराया। इस दौरान आरपीएफ की महिला सिपाही ने भी सहयोग किया। रात करीब 1:05 बजे ट्रेन में नवजात की किलकारी गूंज उठी।

प्रतापगढ़ के लालगंज अझारा निवासी निर्मला दिल्ली से पद्मावत एक्सप्रेस में सवार होकर अपने घर लौट रही थीं। यात्रा के दौरान अचानक उन्हें तेज प्रसव पीड़ा होने लगी। ऐसे में ट्रेन में मौजूद एक महिला यात्री ने सूझबूझ दिखाते हुए उनकी मदद की और सुरक्षित प्रसव कराया।

जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित

आरपीएफ की महिला सिपाही ने भी आवश्यक सहयोग देकर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। बुधवार सुबह ट्रेन के अमेठी रेलवे स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ की मदद से एंबुलेंस के जरिए प्रसूता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां चिकित्सक डॉ. प्रीती सिंह ने महिला और नवजात का स्वास्थ्य परीक्षण किया। चिकित्सक ने बताया कि महिला दिल्ली से प्रतापगढ़ जा रही थी।

यह भी पढ़ें- अमेठी में एक साथ फेरे लेंगे 200 जोड़े, दुल्हन को सरकार देगी ₹64000

सुबह आरपीएफ की मदद से उसे एंबुलेंस के जरिए अस्पताल लाया गया। जांच में जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ पाए गए हैं। दोनों को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है और आवश्यक दवाएं दी जा रही हैं।

प्रसव की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य टीम को रेलवे स्टेशन भेजा गया। एंबुलेंस से सीएचसी लाकर जच्चा व बच्चा के स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया। दोनों स्वस्थ हैं।- डॉ. अंशुमान सिंह, सीएमओ

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।