'माय भारत' पोर्टल पर विकसित भारत क्विज में लें भाग, पाएं PM मोदी से संवाद का मौका; ऐसे करें आवेदन
मेरा युवा भारत द्वारा 'विकसित भारत क्विज' का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें 15-29 वर्ष के युवा अपनी प्रतिभा दिखा सकते हैं।

पीएम नरेंद्र मोदी
HighLights
'विकसित भारत क्विज' में 15-29 वर्ष के युवा भाग लें।
पंजीकृत युवाओं को प्रधानमंत्री से सीधे संवाद का मौका मिलेगा।
राष्ट्रीय युवा दिवस पर अपने विचार साझा करने का अवसर।
जागरण संवाददाता, अमेठी। युवाओं की प्रतिभा, सोच और नेतृत्व क्षमता को राष्ट्रीय मंच देने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत की ओर से ‘विकसित भारत क्विज’ का आयोजन किया जा रहा है।
15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा इसमें हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं। प्रश्नोत्तरी (क्विज) में बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवाओं को प्रतियोगिता के आगामी चरणों में पहुंचने का अवसर मिलेगा। 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस पर राष्ट्रीय स्तर पर चयनित युवा प्रधानमंत्री के समक्ष अपने विचार, विजन और सुझाव रखने का मौका प्राप्त करेंगे।
प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी रीना वर्मा ने बताया कि जिले में युवाओं को माय भारत पोर्टल से जोड़ने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। मंगल दल के साथ स्कूलों, महाविद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों में युवाओं को पोर्टल पर पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री से भेंट और सीधे संवाद का अवसर मिलेगा
शिक्षण संस्थानों के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को पोर्टल से जोड़ने के साथ नवाचार आधारित गतिविधियां आयोजित करने पर भी जोर दिया जाएगा। इसमें शामिल होने के लिए युवाओं को माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कर प्रतियोगिता में भाग लेना होगा।
ऑनलाइन आयोजन होने से युवा आसानी से शामिल हो सकते हैं। युवाओं को अपनी जानकारी, विचार और नेतृत्व कौशल प्रदर्शित करने का अवसर भी प्रतियोगिता देती है। विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग के अंतिम चरण में पहुंचने वाले युवाओं को प्रधानमंत्री से भेंट और सीधे संवाद का अवसर मिलेगा।
युवाओं के लिए यह अनुभव नेतृत्व क्षमता को निखारने और भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं को माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण करने की अपील की है।
यह भी पढ़ें- घर की छत पर लगवाना है सोलर पैनल तो जल्दी करें आवेदन, इस तारीख के बाद नहीं मिलेगी सब्सिडी
